जनता की आवाज दबा रही है सरकार: लक्ष्मण सिंह

भ्रष्टाचार के खिलाफ पदयात्रा निकालकर जनता के बीच पहुंचेंगे पूर्व सांसद

जनता की आवाज दबा रही है सरकार: लक्ष्मण सिंह

गुना। दयालवाणी

पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह ने जनता और मीडिया के लिए एक वीडियो संदेश जारी कर नगरीय निकाय और पंचायतों में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर गहरी चिंता जाहिर की है।

लक्ष्मण सिंह के मुताबिक बीते कुछ सालों से इन संस्थाओं में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कहा कि दूषित पानी से लोगों की मौत हुई है और आवास की सुविधा जिन लोगों को मिलनी थी, उन्हें नहीं मिली, जबकि जिन लोगों के दो-दो मंजिला मकान थे, उन्हें पीएम आवास का लाभ मिल गया। लक्ष्मण सिंह ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने का समय आ गया है। वे और उनके साथी कई सालों से आवाज उठा रहे हैं और विपक्ष के कार्यकर्ता भी इन मुद्दों को उठाते रहे हैं, लेकिन दुर्भाग्यवश कुछ नेता सत्ता के दलालों के प्रभाव में रहते हैं। उन्होंने सत्ता की दलाली करने वालों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जिनकी वजह से भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलने वालों की आवाज दब जाती है और जिसके चलते शासन का अरबों रुपया इन दलालों की जेब में आता है। लक्ष्मण सिंह ने नगरीय निकाय और पंचायत के चुनाव में ईमानदार लोगों को चुनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सत्ता की दलाली करने वाले लोग राजनेताओं और अधिकारियों में समझौता कराते हैं, जिससे जनता की आवाज दब जाती है। लक्ष्मण सिंह ने यह भी कहा कि वे अब भ्रमण करेंगे और पदयात्रा करते हुए जनता की आवाज उठाएंगे।