पोस्टमार्टम को लेकर जिला अस्पताल में हंगामा, पुलिस और परिजनों के बीच झूमाझटकी
सिरसी के पास सरकारी वाहन की टक्कर से राम सिंह पटेल की मौत, बिना पोस्टमार्टम कराए शव लेकर गांव रवाना हुए परिजन; सरकारी वाहन और चालक को लेकर उठे सवाल
गुना।दयालवाणी
सिरसी क्षेत्र में निहाल देवी के नजदीक शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीली निवासी राम सिंह पटेल की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार सरकारी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद जिला अस्पताल में उस समय हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई, जब मृतक के परिजन पोस्टमार्टम की प्रक्रिया को लेकर पुलिस से भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि पुलिस और परिजनों के बीच झूमाझटकी हो गई। इसके बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को निजी वाहन में रखकर अपने गांव रवाना हो गए।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर निहाल देवी के पास हुए सड़क हादसे में राम सिंह पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और परिचितों की भीड़ जमा हो गई।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पर भड़के परिजन, पुलिस से भिड़े
युवक की मौत के बाद पुलिस ने नियमानुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन इसी दौरान परिजन विरोध करने लगे। देखते ही देखते पुलिस और परिजनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद ने कुछ ही देर में उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच झूमाझटकी की स्थिति बन गई। जिला अस्पताल में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
बिना पोस्टमार्टम कराए शव लेकर गांव निकले परिजन
हंगामे के बीच मृतक के परिजन शव को अपने कब्जे में लेकर निजी वाहन में रखकर गांव की ओर रवाना हो गए। अस्पताल परिसर में मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के सामने यह घटनाक्रम हुआ। हालांकि, परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराने का फैसला क्यों लिया और वे किस बात को लेकर नाराज थे, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
सरकारी वाहन किस विभाग का था, कौन चला रहा था?
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल हादसे में शामिल सरकारी वाहन को लेकर खड़ा हो रहा है। आखिर यह वाहन किस विभाग का था? हादसे के समय इसे कौन चला रहा था? क्या वाहन कोई अधिकारी चला रहा था या कोई अन्य व्यक्ति? फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने भी प्रशासन और मीडिया से दूरी बना ली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।