“निकल पड़े हैं राजा साहब, श्रीरामलला के काम को...”
दिग्विजय सिंह की यात्रा अशोकनगर पहुंची, बोले- राजमाता सिंधिया मुझे जनसंघ में लाना चाहती थीं, लेकिन मैंने कांग्रेस की विचारधारा चुनी
अशोकनगर । दयालवाणी
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' आरोन से होते हुए गुरुवार को अशोकनगर जिले में प्रवेश कर गई है। यात्रा के दौरान उन्होंने ग्राम सोवत में रात्रि विश्राम किया, जहां स्थानीय कांग्रेस नेताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर इंजीनियर हरिबाबू राय सहित अशोकनगर जिले के तमाम वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और कार्यकतार्ओं ने गर्मजोशी के साथ दिग्विजय सिंह और उनकी यात्रा की अगवानी की।
यात्रा के स्वागत के दौरान दिग्विजय सिंह के समर्थक पं. रामचरण शर्मा (खामखेड़ा वाले) ने अपनी ओजस्वी कविता पाठ से सभा में समां बांध दिया। उन्होंने अपने काव्य पाठ के जरिए दिग्विजय सिंह का अभिनंदन करते हुए कहा, "सादर अभिनंदन यहां आपका, मन पुष्पों से करें स्वागत श्री राघौवंश के नंदन का... महाकाल बाबा की चौखट से श्री दशरथ नंदन धाम को, निकल पड़े हैं राजा साहब, श्री रामलला के काम को।" उनकी इन पंक्तियों पर उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ जोरदार स्वागत किया।
राजमाता चाहती थीं मैं जनसंघ में आऊं...
ग्राम सोवत में आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने अपने पुराने दिनों को याद किया और बताया कि 1970 के दशक में सोवत राघौगढ़ विधानसभा क्षेत्र का ही हिस्सा हुआ करता था। 80 वर्ष की आयु में पदयात्रा करने के सवाल पर उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि 1972 में जब वे राजनीति में आए, तब राजमाता सिंधिया और जनसंघ उन्हें अपने दल में शामिल करना चाहते थे, जबकि गोविंद नारायण सिंह उन्हें कांग्रेस में लाने के इच्छुक थे। दिग्विजय सिंह के अनुसार, उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के साथ-साथ महात्मा गांधी, बाबा साहब अम्बेडकर और रामधारी सिंह दिनकर के साहित्य का अध्ययन किया, जिसके बाद उन्हें जनसंघ की विचारधारा रास नहीं आई और उन्होंने सर्वधर्म समभाव वाली कांग्रेस की विचारधारा को चुना।