जल जीवन मिशन की पाइपलाइन महज 7 इंच गहराई पर, एडीएम खुद गड्ढे में उतरे

हमीरपुर के छोटा सिमरा में निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल, बड़ा सिमरा में नलों की टोटियां गायब और पानी की बर्बादी मिली

जल जीवन मिशन की पाइपलाइन महज 7 इंच गहराई पर, एडीएम खुद गड्ढे में उतरे
पाइपलाइन की गहराई नापते एडीएम

हमीरपुर। दयालवाणी | पुष्पेंद्र सिंह

जल जीवन मिशन के तहत कराए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता की जांच करने पहुंचे अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) विजय सिंह को निरीक्षण के दौरान कई खामियां मिलीं। मिश्रीपुर के मजरा छोटा सिमरा में पाइपलाइन की गहराई जांचने के लिए एडीएम खुद गड्ढे में उतरे। जांच में पाइपलाइन जमीन से महज 7 इंच नीचे मिली। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

मानकों के विपरीत पाइपलाइन बिछाने पर नाराजगी

छोटा सिमरा में श्री हरि कंपनी द्वारा बिछाई जा रही पाइपलाइन के निरीक्षण के दौरान निर्धारित मानकों के पालन में कमी सामने आई। एडीएम ने जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता को मामले की जांच कराकर संबंधित कार्यदायी संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन उचित गहराई पर बिछाई जाए, ताकि भारी वाहनों की आवाजाही से उसे नुकसान न पहुंचे और पेयजल आपूर्ति बाधित न हो।

बड़ा सिमरा में पानी की बर्बादी, नल भी गायब

इसके बाद बड़ा सिमरा में जलापूर्ति व्यवस्था की जांच की गई। यहां कई स्थानों पर नलों की टोटियां गायब मिलीं। कुछ ग्रामीण पाइपलाइन के पानी से वाहन धोते और खेतों व रास्तों की तराई करते मिले। इससे पानी नालियों में बह रहा था। एडीएम ने पेयजल की बर्बादी रोकने और पानी का उपयोग जरूरत के अनुसार करने पर जोर दिया।

जेसीबी से नल और स्टैंड क्षतिग्रस्त करने की शिकायत

निरीक्षण के दौरान एक ग्रामीण ने शिकायत की कि नाली की सफाई के समय ग्राम प्रधान द्वारा जेसीबी से जल जीवन मिशन के नल और उनके स्टैंड क्षतिग्रस्त कर दिए गए। एडीएम ने शिकायत का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण में मिली कमियों की जांच कर सुधारात्मक कदम उठाने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों तक नियमित स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है, इसलिए योजना के कार्यों में मानकों का पालन और सार्वजनिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।