नाबालिग के अपहरण व दुष्कर्म मामले में दो और सह-आरोपी गिरफ्तार

मुख्य आरोपी समेत 7 पहुंचे जेल

नाबालिग के अपहरण व दुष्कर्म मामले में दो और सह-आरोपी गिरफ्तार

गुना। दयालवाणी

कुंभराज थाना क्षेत्र से 15 वर्षीय नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई करते हुए दो और फरार सह-आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस सनसनीखेज मामले में अब तक मुख्य आरोपी समेत कुल 7 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा चुका है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

घटनाक्रम के अनुसार, 5 मई 2026 को कुंभराज क्षेत्र से लापता हुई नाबालिग बालिका की गुमशुदगी की रिपोर्ट उसकी मां ने दर्ज कराई थी। पुलिस ने तत्काल अपराध कायम कर राजस्थान के फलौदी से 28 जुलाई 2026 को बालिका को सुरक्षित दस्तयाब किया। पीड़िता ने बयानों में बताया कि मुख्य आरोपी उसे बहला-फुसलाकर ले गया था और कई बार दुष्कर्म किया, जिसमें आरोपी के परिजनों और अन्य सहयोगियों ने मदद की। बयानों के आधार पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराएं जोड़ी गईं। पुलिस ने पूर्व में मुख्य आरोपी, उसके भाई, माता-पिता और रिश्तेदार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी कड़ी में सोमवार, 7 सितंबर को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने फरार चल रहे दो और सह-आरोपियों (मुख्य आरोपी के भाई और भाभी) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि बाकी बचे फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।