युवाओं की महफिल या नियमों से खिलवाड़?
गुना में तेजी से बढ़ रहा कैफे और केबिन कल्चर, 'ठेका-चस्का' के बीच स्पा सेंटरों की गतिविधियां भी जांच के दायरे में
गुना।दयालवाणी
शहर में इन दिनों चाय की दुकानों और कैफे की बाढ़ सी आ गई है। प्रमुख बाजारों से लेकर कॉलोनियों और दूर-दराज के इलाकों तक चाय-कॉफी के नए ठिकाने खुलते जा रहे हैं। इन दुकानों पर सुबह से देर रात तक युवाओं का जमावड़ा लगा रहता है। चाय की चुस्की और दोस्तों के साथ गपशप तक तो ठीक है, लेकिन कुछ स्थानों पर बढ़ती भीड़, विवाद और पर्दे वाले केबिनों का चलन अब चर्चा का विषय बनता जा रहा है।
दिलचस्प बात यह है कि दुकानों के नाम भी युवाओं को आकर्षित करने वाले रखे जा रहे हैं। कहीं 'ठेका' तो कहीं 'चस्का' और 'देशी ठाठ' जैसे नामों से चाय की दुकानें संचालित हो रही हैं। इन नामों और दुकानों की सजावट के जरिए युवाओं को आकर्षित करने की कोशिश की जा रही है। शहर में कई चाय की दुकानों पर दिनभर युवाओं की भीड़ रहती है, लेकिन रात होते ही कुछ स्थानों पर जमावड़ा और बढ़ जाता है। इसी दौरान युवाओं के बीच कहासुनी और विवाद की घटनाएं भी सामने आती रही हैं। कैंट रोड स्थित एक दुकान पर बीते समय में एक महीने के भीतर दो बार युवाओं के समूहों के बीच मारपीट होने की घटना चर्चा में रही। ऐसे मामलों ने इन स्थानों पर सुरक्षा और निगरानी की जरूरत को रेखांकित किया है।
कैफे के नाम पर पर्दे वाले केबिन, कौन रखेगा नजर?
चाय की दुकानों के अलावा कॉफी कैफे और छोटे रेस्टोरेंट के रूप में भी कई नए प्रतिष्ठान सामने आए हैं। इनमें कुछ जगह पर्दे या पार्टीशन वाले निजी केबिन बनाए गए हैं। इनका इस्तेमाल युवक-युवतियां निजी मुलाकातों के लिए करते हैं। हालांकि, इन केबिनों में होने वाली गतिविधियों को लेकर सार्वजनिक स्तर पर सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में प्रतिष्ठानों के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था की जांच जरूरी हो जाती है। हाट रोड, जगदीश कॉलोनी, न्यू टेकरी रोड, शास्त्री पार्क, एबी रोड और उत्कृष्ट विद्यालय के आसपास ऐसे कई प्रतिष्ठान संचालित होने की बात सामने आती रही है।
बड़े संस्थान भी चर्चा में, गेमिंग जोन की व्यवस्थाओं पर सवाल
यह चलन केवल छोटी चाय दुकानों और कैफे तक सीमित नहीं है। शहर में कुछ बड़े होटल, रेस्टोरेंट और मनोरंजन केंद्र भी अपनी अलग तरह की सुविधाओं के कारण चर्चा में रहते हैं। चांदशाहवली दरगाह के पास स्थित एक बड़े गेमिंग जोन में आधुनिक शैली में झोपड़ीनुमा ढांचे बनाए जाने की बात सामने आई है। इनके उपयोग और वहां होने वाली गतिविधियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
कारोबार के साथ जिम्मेदारी भी जरूरी
शहर में नए कैफे, चाय दुकानें और मनोरंजन केंद्र खुलना रोजगार और कारोबार के लिहाज से अच्छी बात है। युवाओं को बैठने और दोस्तों के साथ समय बिताने के स्थान मिलना भी स्वाभाविक है। लेकिन इन प्रतिष्ठानों का संचालन निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों के अनुरूप होना चाहिए। प्रशासन और पुलिस के सामने भी यह चुनौती है कि व्यवसायिक गतिविधियों की आड़ में किसी तरह की अव्यवस्था या कानून का उल्लंघन न हो। खासकर देर रात तक संचालित होने वाले प्रतिष्ठानों, निजी केबिनों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित निगरानी की जरूरत है। सवाल यह है कि गुना में तेजी से बढ़ते इस कैफे और केबिन कल्चर के बीच कारोबारियों की जिम्मेदारी और प्रशासन की निगरानी कितनी प्रभावी है? समय रहते व्यवस्था पर ध्यान दिया गया तो शहर में मनोरंजन और कारोबार के ये नए ठिकाने विवादों के बजाय सकारात्मक माहौल का हिस्सा बन सकते हैं।
स्पा भी संदेह के घेरे में
इसी तरह गुना में एक के बाद एक खुलते जा रहे स्पा भी संदेह के घेरे में हैं। एक जानकारी के मुताबिक गुना में अब तक आधा दर्जर से ज्यादा स्पा खुल चुके हैं। अनुराधा गली की एक दुकान में संचालित स्पा पर जब पुलिस ने छापामार कार्रवाई की थी तो कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने की खबर सामने आई थी। इतना ही नहीं एक नाबालिग लड़की भी मिलने सुगबुगाहट हुई थी। कुल मिलाकर महानगरों की तर्ज पर जिस तरह स्पा सेंटर खुल रहे हैं, उनमें कहीं अनैतिक गतिविधियां तो नहीं हो रही हैं। यह भी जांच का विषय बन गया है।
इनका कहना है
पुलिस टीम से निरीक्षण करवाएंगे। अगर कहीं अनैतिक गतिविधियाां पाई जाएंगी तो कार्रवाई करेंगे।
-प्रशांत सुमन, एडिशनल एसपी, गुना