वृद्धावस्था पेंशन न मिलने से हताश महिला कलेक्ट्रेट की सीढ़ियों पर लेटी

अधिकारियों तक नहीं पहुंची गुहार

वृद्धावस्था पेंशन न मिलने से हताश महिला कलेक्ट्रेट की सीढ़ियों पर लेटी

गुना।दयालवाणी

कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को एक अजीब और दर्दनाक मामला सामने आया, जहां वृद्धावस्था पेंशन न मिलने से परेशान एक बुजुर्ग महिला हताश होकर कलेक्ट्रेट की सीढ़ियों पर ही लेट गई। काफी देर तक महिला सीढ़ियों पर लेटी रही, लेकिन किसी ने उसकी सुध नहीं ली। बाद में सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह महिला को वहां से उठाया।

जानकारी के अनुसार, महिला का नाम केसरबाई है और वह बमौरी क्षेत्र के ग्राम बीलखेड़ा की रहने वाली है। महिला की उम्र 60 वर्ष से अधिक हो चुकी है, लेकिन उसे लंबे समय से वृद्धावस्था पेंशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। पेंशन के लिए वह कई बार कलेक्ट्रेट के चक्कर काट चुकी है, लेकिन सुनवाई न होने से तंग आकर उसने यह कदम उठाया। हैरानी की बात यह रही कि महिला काफी देर तक सड़क और सीढ़ियों पर लेटी रही, और आसपास से गुजरने वाले लोग तमाशा देखते रहे, लेकिन किसी ने उसकी परेशानी जानने या उसे उठाने की कोशिश तक नहीं की।