शाफ्ट टूटते ही बछड़ों से भरा कंटेनर छोड़कर भागे तस्कर

बीनागंज के पास हाईवे पर पकड़ा गया वाहन, 30 से अधिक गोवंश मुक्त कराकर गौशाला भेजे

शाफ्ट टूटते ही बछड़ों से भरा कंटेनर छोड़कर भागे तस्कर

गुना। दयालवाणी

शिवपुरी से महाराष्ट्र की ओर गोकशी के लिए ले जाए जा रहे 30 से अधिक गोवंश के बछड़ों से भरा बंद कंटेनर रविवार सुबह बीनागंज के पास पकड़ लिया गया। रविवार की सुबह करीब साढ़े 6 बजे बीनागंज चौकी क्षेत्र के बरखेड़ा गांव के पास हाईवे पर अचानक कंटेनर की शाफ्ट टूट गई, जिससे वाहन वहीं रुक गया। मौका मिलते ही चालक और गोतस्कर कंटेनर छोड़कर मौके से फरार हो गए।

जानकारी सामने आई है कि कंटेनर क्रमांक एचआर 55 एएल 6351 में बछड़ों को बेरहमी से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। वाहन खराब होने और तस्करों के भागने की खबर मिलते ही गुना और कुंभराज सहित आसपास के इलाकों के गोसेवक तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बीनागंज चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और गोसेवकों ने मिलकर कंटेनर से सभी बछड़ों को सुरक्षित बाहर निकाला और बीनागंज गौशाला भिजवाया। मामले में बीनागंज चौकी में एफआईआर दर्ज कराई गई है। इस कार्रवाई में चौकी पुलिस स्टाफ के साथ कुंभराज से हैप्पी जैन व भगवान भैया तथा गुना से रामसिंह रजक, भोला कुशवाह और मोनू ओझा सहित अन्य गोसेवक मौजूद रहे।