1 नवंबर को लगेगा मेगा लीगल कैंप, पात्र लाभार्थियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ

मौदहा में द्वितीय लघु विधिक सेवा शिविर आयोजित, विभागों को लाभार्थियों की सूची जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश

1 नवंबर को लगेगा मेगा लीगल कैंप, पात्र लाभार्थियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ

हमीरपुर।दयालवाणी | पुष्पेंद्र सिंह

 आगामी 1 नवंबर को आयोजित होने वाले मेगा लीगल कैंप की तैयारियों के तहत गुरुवार को विकासखंड मौदहा के सभागार में द्वितीय लघु विधिक सेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर द्वारा आयोजित शिविर जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोज कुमार राय के मार्गदर्शन तथा प्राधिकरण की सचिव वंदना अग्रवाल के निर्देशन में संपन्न हुआ। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी।

शिविर में पीएलवी पवन तिवारी एवं शिवनारायण ने विभागीय अधिकारियों से पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर उनकी सूची जल्द जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को उपलब्ध कराने की अपील की। इसका उद्देश्य आगामी मेगा लीगल कैंप में जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित करना है।

कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी श्वेता त्रिपाठी, एडीओ अनिल पाठक, रुद्र प्रताप, मोहित कुमार, दिलीप गुप्ता, वेदप्रकाश, अंकित अहमद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संबंधित विभागों से समय पर लाभार्थियों का विवरण उपलब्ध कराने की अपेक्षा की है, ताकि 1 नवंबर को आयोजित होने वाले मेगा लीगल कैंप का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाया जा सके।