80 गोशालाएं, फिर भी सड़कों पर बेसहारा गोवंश!
गो-संरक्षण के दावों पर सवाल, नेशनल हाईवे-46 पर हादसों का खतरा; कलेक्टर के आदेश के बाद भी कार्रवाई की निरंतरता पर उठे सवाल
गुना। दयालवाणी
प्रदेश की डॉ. मोहन सरकार ने गो-संरक्षण और संवर्धन को पंख देने के लिए खजाने का मुंह खोल दिया था। उम्मीद थी कि अब बेसहारा गोवंश को सुरक्षित आशियाना मिलेगा और वे सड़कों पर ठोकरें नहीं खाएंगे। सरकार ने गोशालाओं को मिलने वाली सहायता राशि को 20 से बढ़ाकर सीधे 40 रुपए प्रति गाय कर दिया। लेकिन साहब! सरकारी फरमानों और कागजी आंकड़ों की इस चमक-धमक से कोसों दूर, गुना की सड़कों का हाल बेहाल है। यहां 40 का यह भारी-भरकम अनुदान भी बेसहारा गायों के भाग्य के ताले नहीं खोल पाया है। नतीजा यह है कि आज भी मूक गोवंश सड़कों पर ट्रैफिक के बीच जान हथेली पर लेकर घूमने को मजबूर है।
जिलेभर में कागजों पर गो-सेवा के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं। आंकड़े गवाही देते हैं कि गुना जिले में कुल 80 गोशालाएं संचालित हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक गुना में 24, आरोन में 15, राघौगढ़ में 15, चांचौड़ा में 14 और बमौरी में 13 गौशालाएं संचालित हैं। इन्हें अनुदान भी दिया जाता है। इन तमाम गोशालाओं का संचालन ज्यादातर महिला स्व-सहायता समूह या स्थानीय ग्राम समितियां कर रही हैं। शासन स्तर से प्रति गाय 40 रुपए का तगड़ा अनुदान भी मिल रहा है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि यदि इतनी गोशालाएं और बजट मौजूद है, तो फिर शहर की सड़कों से लेकर हाइवे तक गायों का यह सैलाब क्यों उमड़ रहा है?
कलेक्टर साहब का आदेश: एक कार्रवाई और फुस्स!
प्रशासनिक सुस्ती और उदासीनता का आलम यह है कि नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। कुछ समय पहले गुना कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने एक सख्त आदेश जारी किया था कि यदि पशुपालकों या प्रबंधकों द्वारा गायों को निराश्रित छोड़ा गया, तो उन पर भारी-भरकम जुमार्ने की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने अपनी पीठ थपथपाने के लिए शुरूआती दौर में जोश-जोश में मात्र एक कार्रवाई भी कर डाली। लेकिन इसके बाद प्रशासनिक अमला गहरी नींद में सो गया। कलेक्टर साहब का वह सख्त फरमान फाइलों के किसी कोने में ऐसा दबा कि आज तक दोबारा किसी पर जुमार्ना लगाने की जहमत नहीं उठाई गई। आदेश ठंडे बस्ते में गया और सड़कों पर मवेशियों का डेरा फिर से सज गया।
नेशनल हाइवे-46: मौत का रनवे बना बेसहारा गोवंश का डेरा
गुना की सड़कों की बात तो दूर, शहर से गुजरे देश के सबसे व्यस्त नेशनल हाइवे-46 पर इन निराश्रित मवेशियों का स्थायी जमावड़ा लगा रहता है। हाईवे की चिकनी और तेज रफ्तार सड़कों पर झुंड के झुंड बैठे ये बेसहारा गोवंश वाहन चालकों के लिए काल साबित हो रहे हैं। दिन हो या रात, जरा सी चूक और तेज रफ्तार वाहन इन मवेशियों से टकरा जाते हैं। इस खूनी खेल में आए दिन जहां एक ओर वाहन चालक गंभीर हादसों का शिकार होकर अपनी जान गंवा रहे हैं या घायल हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बेकसूर मवेशी भी अपनी दम तोड़ रहे हैं। हाइवे पर दौड़ती गाड़ियों के बीच मवेशियों का यूं यूं ही बैठना किसी बड़े हादसे को हर पल खुला निमंत्रण दे रहा है।
जिम्मेदार कौन?
सरकार पैसे दे रही है, गोशालाओं के नाम पर अमला सक्रिय है, और कागजों में सब चंगा-सी नजर आता है। लेकिन धरातल पर स्थिति यह है कि जनता टैक्स भी भरे और सड़कों पर गायों से भिड़कर जान भी जोखिम में डाले। अब देखना यह होगा कि क्या इस खबर के बाद जिला प्रशासन अपनी कुंभकर्णी नींद से जागेगा या फिर कागजी घोड़ों पर सवार होकर सिर्फ फाइलों का पेट भरा जाता रहेगा!