एनएच-46 पर रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना
ट्रक ने गाय को 2 किमी तक घसीटा, मौके पर ही मौत से लोगों में आक्रोश
गुना।दयालवाणी
नेशनल हाईवे-46 पर रानीखेजड़ा के पास एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक बेकाबू ट्रक चालक ने गाय को टक्कर मारने के बाद वाहन रोकने के बजाय उसे करीब 2 किलोमीटर तक सड़क पर घसीटा, जिससे गाय की दर्दनाक मौत हो गई। इस क्रूरता को देखकर स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा फैल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही गुना से गौसेवक अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और भाग रहे ट्रक का पीछा कर उसे रुकवाया। गौसेवकों ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी ट्रक चालक को पकड़ लिया। वहीं, मंगलवार को इस खौफनाक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। मामले की सूचना मिलते ही बीनागंज पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक सहित चालक को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और नियमानुसार सख्त कार्रवाई की बात कही है।