दीपावली से पहले गुना की सफाई व्यवस्था ठप, कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर
16 सूत्रीय मांगों को लेकर नगरपालिका कार्यालय के सामने प्रदर्शन, न्यूनतम 25 हजार वेतन और नियमितीकरण की मांग
गुना। दयालवाणी
दीपावली के मुहाने पर खड़े शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के बैनर तले नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने अपनी सोलह सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान करते हुए बुधवार को नगरपालिका कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान नाराज कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि उनकी मांगें पिछले बीस वर्षों से लगातार लंबित चली आ रही हैं। न्यूनतम पच्चीस हजार रुपये वेतन और सेवा नियमितीकरण उनकी प्रमुख मांगें हैं। अपनी इन मांगों के समर्थन में कर्मचारियों ने गत बाईस अक्टूबर को भी ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद, तीन नवंबर को भोपाल जाकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने का प्रयास किया गया था, लेकिन मुलाकात न होने और ज्ञापन स्वीकार न किए जाने से कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त हो गया। कर्मचारियों का सीधा आरोप है कि सरकार उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी कर रही है, जिसके चलते उन्हें मजबूरन काम छोड़कर अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा है। इस देशव्यापी और प्रांतीय हड़ताल के चलते दीपावली जैसे बड़े त्योहार के समय शहर में कचरे के ढेर लगने की आशंका बढ़ गई है, जिससे आम नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।