सवारी छोड़कर लौट रहे ऑटो चालक की चाकू गोदकर हत्या

साथी गंभीर रूप से घायल; जांच में जुटी पुलिस

सवारी छोड़कर लौट रहे ऑटो चालक की चाकू गोदकर हत्या
मृतक गोविंद लोधा।

गुना। दयालवाणी

जिले के गणेशपुरा गांव के पास बुधवार शाम करीब सोढ़े 4 बजे सवारी लेकर जा रहे एक आॅटो चालक की चाकू से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि उनके साथ ही गांव की ओर जा रहा मोटरसाइकिल सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भूराचक निवासी रवि लोधा अपनी मोटरसाइकिल से गुना से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान, उसी गांव के रहने वाले आॅटो चालक गोविंद लोधा भी अपनी गाड़ी में सवारियां लेकर जा रहे थे। जब दोनों ग्राम गणेशपुरा के पास पहुंचे, तभी वहां मौजूद सहरिया समाज के कुछ युवकों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने धारदार चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे आॅटो चालक गोविंद लोधा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मोटरसाइकिल सवार रवि लोधा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। प्रारंभिक तौर पर इस हमले का संदेह सहरिया समाज के युवकों पर जताया जा रहा है। हालांकि, दोनों पक्षों के बीच विवाद की असली वजह क्या थी, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आ सकी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।