सहरिया आदिवासियों की जमीन पर कब्जे के मामलों में प्रशासन सख्त
गुना में 102 एफआईआर दर्ज, सरकार ने हाईकोर्ट में दिया हलफनामा—प्रदेशभर में चलेगा अभियान
गुना।दयालवाणी
सहरिया आदिवासी परिवारों की जमीनों के बटाईदार के रूप में हुए अवैध एग्रीमेंट्स और शोषण के मामलों को लेकर प्रशासन और न्यायपालिका ने बेहद कड़ा और सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। इस गंभीर प्रकरण पर मंगलवार को माननीय उच्च न्यायालय में महत्वपूर्ण सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से पेश किए गए हलफनामे में स्पष्ट किया गया है कि गुना जिले में अपनाए गए सख्त एक्शन की तर्ज पर अब पूरे मध्य प्रदेश में ऐसी जमीनों और अवैध अनुबंधों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कानूनी प्रावधानों के मुताबिक, सहरिया आदिवासियों से जमीन बटाई पर लेने से पहले जिला कलेक्टर की पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होता है, लेकिन भू-माफियाओं और दबंगों द्वारा इस पूरी प्रक्रिया की खुलेआम धज्जियां उड़ाई गईं। जिला कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने इस बात की पुष्टि की है कि जिले में ऐसे 197 मामले सामने आए थे, जहां कमजोर और भोले-भाले सहरिया परिवारों से दबाव बनाकर जबरन जमीन के अवैध अनुबंध करा लिए गए थे। प्रशासन को पुख्ता आशंका थी कि इन कमजोर वर्गों का आर्थिक व सामाजिक शोषण किया जा रहा है। इन सभी मामलों को तत्काल एसडीओ कोर्ट में रजिस्टर्ड कर उनकी गहन और पारदर्शी सुनवाई की गई, जिसके परिणामस्वरुप कई मामलों में पीड़ितों को उनकी जमीन कानूनी रूप से वापस भी दिलवाई जा चुकी है। न्यायालय के निदेर्शों और प्रशासनिक नियमों की अवहेलना करने वालों पर सख्ती बरतते हुए अब तक 102 लोगों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर एफआईआर की कार्रवाई की जा चुकी है।
आदिवासियों की एक-एक इंच जमीन होगी वापस
यह पूरा प्रकरण अब राज्य स्तर पर एक बड़ा मुद्दा बन चुका है और न्यायालय में विचाराधीन है। जिला प्रशासन इस मामले में पूरी संवेदनशीलता और मुस्तैदी के साथ जुटा हुआ है। कलेक्टर ने एक बार फिर दोहराया है कि नियमों को ताक पर रखकर सहरिया आदिवासियों से छीनी गई एक-एक इंच जमीन को वैध कानूनी प्रक्रिया के तहत मुक्त कराकर उन्हें वापस दिलाया जाएगा। प्रशासन के इस कड़े रुख से भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
बमौरी क्षेत्र सबसे ज्यादा संवेदनशील
गौरतलब है कि गुना जिले के बमौरी क्षेत्र में सबसे ज्यादा आदिवासी और सहरिया समाज की जमीनों पर कब्जे के मामले सामने आए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार कब्जे की शिकायते ंजिला प्रशासन से की गई थी। लेकिन पहले कुछ वजहों से कार्रवाई नहीं हो पाई। इसके बाद मामल हाईकोर्ट में पहुंचा, जिसमें गुना जिले की सबसे ज्यादा चर्चा हुई। बमौरी मध्यप्रदेश के उन चुनिंदा क्षेत्रों में शामिल है, जहां सहरिया समाज के लोग निवास करते हैं।