आरोन में निकली न्याय जागरूकता मैराथन, लोगों ने लगाई दौड़
'न्याय के लिए दौड़ें' के नारे के साथ दिया कानूनी साक्षरता का संदेश, न्यायिक अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने लिया हिस्सा
आरोन/गुना।दयालवाणी
मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निदेर्शानुसार 14 से 20 नवंबर 2026 तक संपूर्ण राज्य में 'न्यायोत्सव' विधिक सेवा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य आमजन में विधिक जागरूकता को बढ़ावा देना, शासकीय विधिक सेवा योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना और समाज के कमजोर एवं वंचित वर्ग तक न्याय की सुगम पहुंच सुनिश्चित करना है।
इसी श्रृंखला में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष अमिताभ मिश्र तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गुना के सचिव राधाकिशन मालवीय के मार्गदर्शन एवं तालुका विधिक सेवा समिति आरोन के अध्यक्ष बी.एस. सोलंकी की अध्यक्षता में रविवार, 15 नवंबर 2026 को "न्याय के लिए दौड़ें झ्र कानूनी जागरूकता की ओर प्रत्येक कदम" विषय पर जन-जागरूकता मैराथन का आयोजन किया गया। प्रात: 9 बजे व्यवहार न्यायालय परिसर आरोन से प्रारंभ हुई यह मैराथन अंबेडकर चौराहा, इंदिरा पार्क, पुराना चौराहा, मुख्य बाजार, दास हनुमान मंदिर, पुराना बायपास और तहसील चौराहा जैसे नगर के मुख्य मार्गों से गुजरती हुई पुन: न्यायालय परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। इस अवसर पर तहसील विधिक सेवा समिति अध्यक्ष बी.एस. सोलंकी, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी भरत परमार, तहसीलदार धीरेन्द्र गुप्ता, नायब तहसीलदार कृष्णकांत चौबे, अभिभाषक संघ अध्यक्ष लालता प्रसाद तिवारी, सिविल अस्पताल के डॉ. सुमित किरार, नायब नाजिर सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण, पैरालीगल वॉलंटियर्स, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र, पुलिस जवान, अस्पताल व न्यायालयीन स्टाफ और नगर के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।