एक सैकड़ा से ज्यादा बसें, लेकिन सुविधाओं के नाम पर सिर्फ एक बस स्टैंड!
जज्जी बस स्टैंड पर यात्री सुविधाओं का अभाव, शाम 7 बजे बाद पसरा सन्नाटा; आरोन बस स्टैंड भी बदहाली का शिकार
गुना।दयालवाणी
मध्य प्रदेश के प्रमुख आवागमन केंद्र के रूप में पहचाना जाने वाला गुना जिला अपनी भौगोलिक स्थिति के कारण देश के बड़े राज्यों को आपस में जोड़ता है। यहाँ से दिल्ली, मुंबई, आगरा, जयपुर, राजगढ़, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित देश के लगभग हर कोने के लिए बसों का आवागमन होता है। दिनभर यहाँ यात्रियों की भारी चहल-पहल रहती है, लेकिन इतनी बड़ी परिवहन व्यवस्था का जिम्मा संभाले रखने के लिए शहर में केवल एक ही मुख्य जज्जी बस स्टैंड मौजूद है। इस एकमात्र बस स्टैंड पर एक सैकड़ा से अधिक बसों का संचालन होता है, लेकिन यहां सुविधाओं का भारी टोटा है, जिसके कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
जज्जी बस स्टैंड पर आने वाले यात्रियों के लिए बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। यहाँ बना यात्री वेटिंग रूम अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है, जिसके हाल पूरी तरह बेहाल हैं। परिसर में ज्यादातर समय गंदगी का साम्राज्य रहता है और यात्रियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण हमेशा अनहोनी का अंदेशा बना रहता है। जबकि नगर पालिका और जिला प्रशासन ने इस बस स्टैंड को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और जनता को बेहतर माहौल देने का वादा कर इसका संचालन शुरू किया था, लेकिन आज जमीनी हकीकत इन दावों के बिल्कुल उलट नजर आती है। इस मुख्य बस स्टैंड की सबसे बड़ी विडंबना यह है कि शाम होते ही यहाँ बसों का आवागमन पूरी तरह बंद हो जाता है। स्थिति यह हो जाती है कि शाम 7 बजे के बाद यह बस स्टैंड किसी ग्रामीण इलाके के छोटे बस स्टैंड की तरह सूना और वीरान नजर आने लगता है। ऐसा प्रतीत होता है कि किसी सरकारी दफ्तर की छुट्टी हो गई हो और अब वह ताला लगने के बाद अगले दिन ही खुलेगा। अंधेरा छा जाने के कारण यहाँ न तो चाय की एक कप मिलती है और न ही यात्री रात के समय सुरक्षित तरीके से अपनी बस का इंतजार कर सकते हैं। इसके बाद मजबूरन बस संचालक अपने-अपने निजी दफ्तरों से ही सवारियों को ढोने को विवश होते हैं।
सड़क किनारे बसों का हाल्ट और नियमों की अनदेखी
नियमानुसार सभी बसों का ठहराव तय बस स्टैंड पर ही होना चाहिए था, लेकिन गुना की वास्तविक स्थिति इससे कोसों दूर है। दिन के अलावा रातभर बसों का संचालन और आवागमन तो जारी रहता है, लेकिन बसों का हाल्ट सड़क किनारे ही करना पड़ता है। जज्जी बस स्टैंड पर रात के वक्त ठहरने की व्यवस्था न होने के कारण बस चालकों और यात्रियों दोनों को ही सड़कों का सहारा लेना पड़ता है। प्रशासन के तमाम दावों के बावजूद यात्रियों की इस मूलभूत समस्या का समाधान अब तक नहीं हो सका है, जिससे प्रशासनिक कार्यशैली पर भी सवाल खड़े होते हैं।
रेलवे की जमीन पर बदहाली के आंसू बहाता आरोन बस स्टैंड
गुना का दूसरा प्रमुख बस स्टैंड, जिसे आरोन बस स्टैंड के नाम से जाना जाता है, बीजी रोड ओवरब्रिज के नीचे रेलवे की जमीन पर पूरी तरह बदहाल स्थिति में संचालित हो रहा है। इस वैकल्पिक बस स्टैंड पर हालात इतने बदतर हैं कि यहाँ आने-जाने वाले यात्रियों और वाहन चालकों के बीच आए दिन विवाद की स्थिति बनती रहती है। सबसे हैरानी की बात यह है कि इस महत्वपूर्ण स्थान पर यात्रियों की सुविधा के लिए कोई सांकेतिक बोर्ड या सूचना पट्ट तक नहीं लगाए गए हैं, जिससे बाहरी यात्रियों को भारी असुविधा होती है।
सड़क का नामों-निशान नहीं और बारिश में नर्क बन जाता है परिसर
इस संबंध में बस संचालक विश्वनाथ सिंह सिकरवार का कहना है कि आरोन बस स्टैंड के हालात इतने बुरे हैं कि यहाँ व्यवस्थाओं की बात तो दूर, चलने के लिए ढंग की सड़क तक नहीं बची है। स्थिति यह है कि यात्री ओवरब्रिज के नीचे धूल और कीचड़ के बीच खड़े नजर आते हैं। बारिश के मौसम में इस बस स्टैंड के हालात इतने नारकीय हो जाते हैं कि बस चालकों को अपनी गाड़ियों को यहाँ लाने से पहले दस बार सोचना पड़ता है। जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को जल्द से जल्द इन दोनों बस स्टैंडों की सुध लेनी चाहिए, ताकि गुना आने वाले यात्रियों को इस दयनीय स्थिति से मुक्ति मिल सके।