खाकी को खुली चुनौती, चोरों का तांडव

नई सड़क पर दुकान का ताला तोड़ा तो कस्तूरबा नगर में एक रात में पार कर दीं तीन गाड़ियां

खाकी को खुली चुनौती,  चोरों का तांडव
कस्तूरबा नगर से बाईक ले जाती चोरों की टोली।

गुना |दयालवाणी

शहर के कोतवाली और कैंट थाना क्षेत्रों में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए एक ही रात में चोरियों की सनसनीखेज वारदातों को अंजाम दिया है। इस संबंध में मिली सही जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना रात के समय की है, जहां शातिर चोरों ने अंधेरे का फायदा उठाकर वारदातों को अंजाम दिया। इस घटना ने स्थानीय व्यापारियों और रहवासियों की नींद उड़ा दी है।

नई सड़क पर दुकान का ताला तोड़कर नगदी और आर्टिफिशियल गहने पार

चोरी की पहली घटना शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के नई सड़क इलाके की है, जहां चोरों ने एक दुकान को अपना निशाना बनाया। सामने आई जानकारी के अनुसार, चोरों ने रात के समय बेहद शातिर तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया और दुकान की शटर का ताला चटकाकर अंदर घुस गए।

घटना का खुलासा तब हुआ जब दुकान मालिक दिलीप परमार सुबह करीब 11 बजे अपनी दुकान पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि दुकान की आधी शटर खुली हुई थी और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोर दुकान से दुल्हन के लिए रखे गए कीमती आर्टिफिशियल गहने और काउंटर में रखे करीब 10 हजार रुपये नकद चुराकर रफूचक्कर हो गए। दिनदहाड़े नहीं बल्कि रात के वक्त हुई इस चोरी की घटना से नई सड़क और आसपास के व्यापारियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि यदि रात में इस तरह बेखौफ चोर वारदात को अंजाम दे रहे हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा भगवान भरोसे ही है। फिलहाल, पीड़ित दुकानदार ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शातिर चोरों की तलाश में जुट गई है।

कैंट थाना क्षेत्र के कस्तूरबा नगर में चोरों का आतंक: एक ही रात में तीन मोटरसाइकिलें चोरी

दूसरी घटना गुना के कैंट थाना क्षेत्र के कस्तूरबा नगर में हुई, जहां इन दिनों चोरों का भारी आतंक देखने को मिल रहा है। बीती रात यहां बदमाशों की एक टोली ने जमकर उत्पात मचाया और एक बुलेट सहित तीन गाड़ियां पार कर दीं। बेखौफ बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने एक ही रात में कई वारदातों को अंजाम दिया। चोरी की यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आधा दर्जन से ज्यादा बदमाश साफ तौर पर चोरी करते हुए देखे जा सकते हैं।

कस्तूरबा नगर के रहवासी और स्टाम्प वेंडर अमानत उल्ला ने अपने वाहन चोरी होने के संबंध में कैंट थाने में आवेदन दिया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी बुलेट गाड़ी रात के समय घर के बाहर खड़ी थी और उसका हैंडल लॉक था, फिर भी शातिर बदमाश उसे चुरा ले गए। इस वारदात का खुलासा तब हुआ जब सुबह के समय उनके पड़ोसी सुमित रजक अपने घर हुई चोरी की वारदात की तफ्तीश के सिलसिले में सीसीटीवी कैमरे के फुटेज चेक करने पहुंचे। फुटेज देखते ही अमानत उल्ला हक्के-बक्के रह गए, क्योंकि कैमरे में साफ दिख रहा था कि बदमाश उन्हीं की मोटरसाइकिल को ले जा रहे हैं।

चोरों की इस गैंग ने सिर्फ अमानत उल्ला ही नहीं, बल्कि उनके पड़ोसी सुमित रजक के घर को भी अपना निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि रात करीब 2 बजे जब सुमित का पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था, तब 8 से 9 लोगों की संख्या में आए इन बदमाशों ने घर का ताला तोड़ दिया और सुमित की दो मोटरसाइकिलें लेकर रफूचक्कर हो गए। एक ही रात में हुई इन ताबड़तोड़ वारदातों के बाद से कस्तूरबा नगर के रहवासियों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात की गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द इस चोर गिरोह को पकड़ने की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।