108 एम्बुलेंस सेवा के जिला प्रबंधक के समर्थन में आए कर्मचारी
कलेक्ट्रेट में लाकर खड़ी कर दीं एम्बुलेंस
गुना। दयालवाणी
108 एम्बुलेंस सेवा के जिला प्रबंधक शादाब खान के खिलाफ हाल ही में सामने आई शिकायतों के बाद अब कर्मचारियों का दूसरा गुट खुलकर उनके समर्थन में सामने आ गया है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में एम्बुलेंस लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे कर्मचारियों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपते हुए जिला प्रबंधक शादाब खान को उनके पद पर बरकरार रखने की मांग की।
कलेक्ट्रेट आए कर्मचारियों ने बताया कि मंगलवार को कुछ लोगों ने जनसुनवाई में पहुंचकर जिला प्रबंधक शादाब खान के खिलाफ तथ्यहीन और निराधार आरोप लगाए थे। समर्थन में आए कर्मचारियों का कहना है कि जिन लोगों ने शिकायत की थी, असल में उनके खिलाफ वाहनों के टायर और अन्य जरूरी सामान बेचने, मरीजों के परिजनों से पैसों की मांग करने, वाहनों को जानबूझकर खराब करने और इमरजेंसी कॉल का जवाब न देने जैसी कई गंभीर शिकायतें पहले से दर्ज हैं। कर्मचारियों ने खुलासा किया कि इन्हीं अनियमितताओं और शिकायतों के चलते कंपनी द्वारा उन लोगों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें होल्ड पर रखा गया है। इसी द्वेष और खुन्नस के चलते उन कर्मचारियों ने जिला प्रबंधक शादाब खान के खिलाफ झूठी और निराधार शिकायतें दर्ज कराई हैं। समर्थन में आए कर्मचारियों ने शादाब खान पर लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें पूरी तरह बेबुनियाद बताया है और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।