गुना पहुंची दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा
चाचौड़ा विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीणों ने किया स्वागत, एलईडी वैन पर राहुल गांधी का सीधा प्रसारण देखा और सुना भाषण।
गुना। दयालवाणी
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' रविवार को राजगढ़ जिले से आगे बढ़ते हुए गुना जिले में प्रवेश कर गई, जिसका रविवार का मुख्य पड़ाव चाचौड़ा विधानसभा क्षेत्र में रहा।
यात्रा के दौरान दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इंडिया गठबंधन के रामलीला मार्च का सीधा प्रसारण एलईडी वैन के माध्यम से यात्रियों को दिखाया गया, जिसे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित यात्रा में शामिल सभी लोगों ने देखा और राहुल गांधी का भाषण सुना। यात्रा के बीच इस सीधे प्रसारण को दिखाने का मुख्य उद्देश्य चंदा चोरी और मत चोरी के मुद्दे को लेकर देशभर में चल रहे आंदोलन के प्रति जनजागरूकता का संदेश देना था, क्योंकि यह यात्रा भी धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं द्वारा दिए जाने वाले दान के पारदर्शी उपयोग तथा चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और मत चोरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आगे बढ़ रही है। रविवार सुबह निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कालीपीठ से पदयात्रा प्रारंभ होकर ग्राम बनानिया, खारपरस, भवानीपुरा, चौकी चन्दरपुरा और संवासड़ा होते हुए आगे बढ़ी, जहां रास्ते में ग्रामीणों ने यात्रा का भव्य स्वागत किया और अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इसके बाद दोपहर में भोजन व विश्राम के उपरांत यात्रा ने अपने दूसरे चरण में ग्राम बड़ी मुरैली और गैला का पुरा होते हुए नयापुरा जोड़ की ओर प्रस्थान किया, जिसका रात्रि विश्राम गुना जिले की चाचौड़ा तहसील के नयापुरा जोड़ स्थित गौशाला में तय किया गया है। उल्लेखनीय है कि 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से शुरू हुई करीब 930 किलोमीटर की यह पदयात्रा अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर तक पहुंचेगी, जिसका मुख्य ध्येय सनातन धर्म के मूल आदर्शों सत्य, न्याय, करुणा और सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ धार्मिक स्थलों पर दान के पारदर्शी उपयोग और चंदा चोरी व मत चोरी के मामलों में निष्पक्ष जांच की मांग उठाना है।