तलैया मोहल्ला मार्ग पर श्वान का आतंक, बुजुर्ग को किया घायल
गुना। दयालवाणी
बोहरा कॉम्प्लेक्स से वार्ड 13 से जुड़े तलैया मोहल्ला की ओर जाने वाले मार्ग पर इन दिनों आवारा श्वानों और मवेशियों का आतंक छाया हुआ है। इस मार्ग पर आने-जाने वाले राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए यह स्थिति बेहद चिंताजनक बन गई है।
इस इलाके में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे एक दर्दनाक घटना घटी। दरअसल, 67 वर्षीय जमनालाल रजक, जो इसी इलाके में काम करने के लिए आ रहे थे तभी एक आवारा श्वान ने उन पर अचानक हमला कर दिया। श्वान ने उन्हें इतनी बुरी तरह से काटा कि उनकी पीठ, गाल और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। जमनालाल ने श्वान से काफी संघर्ष किया, तब जाकर वे अपनी जान बचा सके। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस इलाके में 30 से 40 आवारा श्वान सक्रिय हैं, जिनका झुंड अक्सर लोगों को अपना शिकार बना लेता है। इसके अलावा, आवारा मवेशियों के कारण भी लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों की सबसे बड़ी शिकायत यह है कि नगरपालिका का डॉग स्क्वॉड इस इलाके में कभी नजर ही नहीं आता। जब स्थानीय रहवासियों ने इस गंभीर स्थिति की शिकायत नगरपालिका से की, तो उन्हें एक-दो दिन में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है।