मन कॉलेज में आत्महत्या रोकथाम को लेकर दिया जागरूकता का संदेश
गुना। दयालवाणी
विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर मन समिति द्वारा संचालित मन कॉलेज में मानसिक स्वास्थ्य एवं आत्महत्या रोकथाम को लेकर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने प्रभावशाली नाटक, कविता और रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से तनाव, अकेलेपन और निराशा से जूझ रहे व्यक्ति की स्थिति को दशार्ते हुए यह संदेश दिया कि मुश्किल समय में चुप रहने की बजाय अपनी बात कहना और समय पर मदद लेना ही सही कदम है।
कार्यक्रम में बताया गया कि आत्महत्या के विचार लगातार तनाव, अवसाद, पढ़ाई-करियर के दबाव या पारिवारिक कारणों से आ सकते हैं। ऐसे में लक्षण दिखने पर व्यक्ति को बिना आलोचना के सुना जाना चाहिए और आवश्यकता पड़ने पर क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट या साइकेट्रिस्ट से मदद लेनी चाहिए। मन कॉलेज की मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ फैकल्टी समृद्धि ओली, शिवानी किरार और भावना अरोड़ा ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता और खुलकर बात करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में भारत सरकार की 24़7 नि:शुल्क राष्ट्रीय हेल्पलाइन टेली-मानस (14416) की भी जानकारी दी गई। इस दौरान मन समिति के कोषाध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव और मन कॉलेज की डायरेक्टर डॉ. संध्या श्रीवास्तव सहित पूरे स्टाफ ने सहभागिता निभाई। अंत में सभी ने खामोशी को अनदेखा न करने और सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।