पंचायती राज और ग्राम स्वराज बचाने को लेकर बनी आगामी रणनीति
समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा
गुना।दयालवाणी
राष्ट्रीय सरपंच संघ मध्य प्रदेश के आह्वान पर 'पंचायती राज बचाओ, ग्राम स्वराज बचाओ' यात्रा के तहत गुना में सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक रखी गई। इस बैठक में राष्ट्रीय सरपंच संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजवीर सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जिनका जिला पदाधिकारियों और सरपंचों ने जोरदार स्वागत किया।
बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने सभी सरपंचों और पंचायत प्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान पंचायतों के सामने आ रही प्रशासनिक व वित्तीय समस्याओं, अधिकारों के हनन और ग्राम पंचायतों की स्वायत्तता पर गंभीर मंथन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जब तक सरपंचों को उनके अधिकार नहीं मिलते और पंचायतों का वित्तीय अधिकार मजबूत नहीं होता, तब तक जमीनी स्तर पर विकास अधूरा है। बैठक में जिलेभर से आए सरपंचों ने भी अपनी समस्याएं साझा कीं और एक स्वर में पंचायती राज व्यवस्था को बचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए स्थानीय पदाधिकारियों ने सभी से एकजुट रहने की अपील की। इस महत्वपूर्ण बैठक के आयोजकों और प्रमुख रूप से उपस्थित रहने वालों में सरपंच संघ जिला गुना के अध्यक्ष मनोज धाकड़, जनपद बमोरी के अध्यक्ष राजकुमार ओझा, गुना ब्लॉक अध्यक्ष संजीव धाकड़, चाचौड़ा अध्यक्ष श्याम वीर सिंह, आरोन अध्यक्ष राजू रघुवंशी और राघौगढ़ अध्यक्ष धीरज सिंह मीणा सहित जिले के बड़ी संख्या में सरपंच और पंचायत प्रतिनिधि शामिल रहे।