सिसौदिया कॉलोनी लूटकांड का खुलासा, दो कुख्यात पारदी बदमाश गिरफ्तार

चौकीदार को बंधक बनाकर घर में की थी लूट, दोनों आरोपियों पर कुल 49 हजार रुपये का इनाम घोषित था

सिसौदिया कॉलोनी लूटकांड का खुलासा, दो कुख्यात पारदी बदमाश गिरफ्तार

गुना। दयालवाणी

सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की सिसौदिया कॉलोनी में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का गुना पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो कुख्यात पारदी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंद्रभान उर्फ चंद्रया पारदी निवासी ग्राम खेजरा और काकेश पारदी निवासी ग्राम कनारी के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों पर विभिन्न आपराधिक मामलों में कुल 49 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के मुताबिक, 1 सितंबर 2026 की रात सिसौदिया कॉलोनी निवासी श्रीकृष्ण राजौरिया के घर में दो बदमाश पीछे का दरवाजा तोड़कर घुसे थे। उस समय घर में मौजूद चौकीदार गजेन्द्र लोधा को बदमाशों ने बंधक बनाकर उसके हाथ बांध दिए और गुलेल से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने घर में तलाशी लेकर सामान और नकदी लूट ली।

घटना के बाद फरियादी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 513/26, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन और प्रभारी सीएसपी आनंद राय के पर्यवेक्षण में पुलिस ने तकनीकी संसाधनों, सूचना तंत्र और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की।

पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने सिसौदिया कॉलोनी में हुई लूट की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 3,300 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, शेष लूटा हुआ सामान चंद्रभान की पत्नी के पास होने की जानकारी सामने आई है, जिसकी बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

चंद्रभान पर 14 आपराधिक मामले, 5 स्थाई वारंट जारी

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चंद्रभान उर्फ चंद्रया पारदी के खिलाफ गुना सहित अन्य जिलों में हत्या, लूट, डकैती, चोरी, हत्या के प्रयास, मारपीट, बलवा और आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराओं में कुल 14 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

इसके अलावा न्यायालय द्वारा चंद्रभान के खिलाफ 5 स्थाई वारंट भी जारी किए गए थे। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। विभिन्न मामलों में उसकी गिरफ्तारी पर कुल 44 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

वहीं दूसरे आरोपी काकेश पारदी पर वर्तमान लूट प्रकरण में 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस तरह दोनों आरोपियों पर कुल 49 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ और शेष लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए कार्रवाई जारी है। मामले के खुलासे में कोतवाली, कैंट, धरनावदा पुलिस और साइबर सेल की टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।