बीसभुजा माता मंदिर में सुरक्षा का जायजा, कप्तान ने संभाली व्यवस्था की कमान
‘नई दिशा अभियान’ से अपराध छोड़ रोजगार अपनाने वाले पारदी युवक का बढ़ाया हौसला, गुलदस्ते खरीदकर दिया प्रोत्साहन
गुना।दयालवाणी
नवदुर्गा महोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और बेहतर कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए गुना पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन में जिले के प्रमुख मंदिरों, झांकी स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
मंगलवार को पुलिस कप्तान हितिका वासल ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन, सीएसपी सैपा हाशमी और बजरंगगढ़ थाना प्रभारी कृपाल सिंह परिहार के साथ प्रसिद्ध बीसभुजा माता मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर, पार्किंग स्थल, यातायात प्रबंधन और दुकानों की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानदारों एवं पार्किंग संचालकों से बातचीत कर यातायात सुचारु बनाए रखने में सहयोग की अपील की। इस दौरान एक खास नजारा भी देखने को मिला। 'नई दिशा अभियान' से प्रेरित होकर अपराध का रास्ता छोड़ रोजगार अपनाने वाले एक पारदी युवक का पुलिस अधीक्षक ने उत्साहवर्धन किया। उन्होंने उससे फूलों के गुलदस्ते खरीदकर उसे समाज की मुख्यधारा में सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित किया। गुना पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग का उपयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।