बेरखेड़ी में पारदी बदमाशों का धावा, फायरिंग में तीन घायल
एक साल की मासूम पर तानी बंदूक, 30 हजार रुपये लूटे; भागते समय मौके पर रायफल छोड़ गए बदमाश
गुना।दयालवाणी
जिले के धरनावदा थाना अंतर्गत बेरखेड़ी गांव में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात हथियारों से लैस 4 से 5 पारदी बदमाशों ने वीरेंद्र धाकड़ के घर में धावा बोलकर जमकर उत्पात मचाया और लूट की वारदात को अंजाम देते हुए फायरिंग कर भाग निकलने में कामयाब हो गए।
पीड़ित पक्ष के मुताबिक वारदात रात करीब 2 बजकर 50 मिनट पर हुई है। घर में घुसते ही बदमाशों ने दरिंदगी और बेखौफ अंदाज की सारी हदें पार कर दीं। उन्होंने वीरेंद्र के भाई की महज एक साल की मासूम बच्ची की कनपटी पर बंदूक तान दी और परिजनों को जान से मारने की धमकी देते हुए रुपयों की मांग करने लगे। मासूम की जिंदगी दांव पर लगी देख सहमे परिजनों की नजरों के सामने ही बदमाश अलमारी में रखे 30 हजार रुपये नकद बटोर ले गए। इसी बीच वीरेंद्र धाकड़ ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए चुपके से पड़ोसियों और रिश्तेदारों को फोन घुमा दिया। सूचना मिलते ही पड़ोसी छोटू उर्फ रंजीत धाकड़ और मान सिंह मोगिया ढाल बनकर मौके पर पहुंचे। खुद को ग्रामीणों से घिरता देख बौखलाए बदमाशों ने जान लेने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में छर्रे लगने से छोटू, वीरेंद्र और मानसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। बदमाश गोलीबारी करते हुए भागने में कामयाब रहे। गोली के सबसे ज्यादा 15 छर्रे छोटू उर्फ रंजीत धाकड़ को लगे हैं, जिसे इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है। जबकि वीरेंद्र और मानसिंह का इलाज गुना जिला अस्पताल में चल रहा है।
एसपी बोलीं, जल्द पकड़ेंगे बदमाश
घटना की जानकारी मिलते ही बेरखेड़ी गांव में ग्रामीणों का हुजूम जमा हो गया। जबकि जैसे ही घायलों को गुना जिला अस्पताल लाया गया, वहां जनप्रतिनिधियों ने भी पीड़ितों से जानकारी ली और पुलिस के आला अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया गया। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मामले में एसपी हितिका वासल ने बताया कि बदमाशों की आहट से परिवार जाग गया था, जिसके बाद बदमाशों ने लूट का प्रयास करते हुए फायरिंग कर दी। ग्रामीणों की घेराबंदी के दौरान हड़बड़ाहट में एक बदमाश अपनी रायफल मौके पर ही छोड़कर भाग खड़ा हुआ। पुलिस ने आरोपियों को चिन्हित कर लिया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर उनकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।
संवेदनशील होता जा रहा है क्षेत्र
धरनावदा-झागर क्षेत्र पारदी बदमाशों की दहशत के लिहाज से संवेदनशील साबित होता जा रहा है। दरअसल, इस इलाके के कई गांव पारदी पाहुल्य है। जिनमें कनेरा-कनेरी, बीलाखेड़ी का नाम ज्यादा चर्चाओं में रहता है। लोगों में चर्चा है कि इन्हीं गांवों में रहने वाले हिस्ट्रीशीटर बदमाश वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। रोचक तथ्य है कि पहले इन बदमाशों के बारे में अवधारण रहती थी कि यह लोग स्थानीय स्तर पर वारदातों को अंजाम नहीं देते हैं और देश के अन्य राज्यों में जाकर ही क्राईम करते हैं। लेकिन बीते कुछ सालों में यहां के पारदी बदमाशों ने घरों को निशाना बनाने के साथ-साथ राहगीरों के साथ भी लूट की वारदातों को अंजाम देकर दहशत फैला दी है।
फिर चर्चाओं में चक चुरेला कांड
बेरखेड़ी में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद झागर क्षेत्र से सटे फतेहगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम चक चुरेला की सनसनीखेज वारदात फिर चर्चाओं में आ गई है। दरअसल, 2-3 अगस्त की दरमियानी रात एक दर्जन से ज्यादा पारदी बदमाशों ने इस गांव में रहने वाले बाबूलाल मीना के घर में बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए 3 से 4 करोड़ की चोरी को अंजाम दिया था। बदमाशों की पहचान पारदी गैंग के रूप में हुई थी। यह बदमाश करीब ढाई से तीन क्विंटल वजनी तिजोरी लेकर भाग निकले थे। इस घटना को लेकर एसपी और कलेक्टर इतने सख्त हुए कि उन्होंने पारदी बाहुल्य एक गांव में अपराधियों की निशानदेही होने पर उनके अवैध निर्माण पर बुलडोजर तक चला दिया था। इसके बाद वारदात में शामिल कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। जिनके कब्जे से चोरी का कुल एक करोड़ 48 लाख रुपए का माल बरामद हो चुका था। लेकिन तब से यह मामला भी ठंडे बस्ते में पड़ा हुआ है। और अब पारदी गैंग एक बार फिर सिर उठा चुका है।