पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को नमन
एसपी हितिका वासल ने 154 अमर शहीदों के नामों का किया वाचन, शोक परेड और सलामी के साथ दी श्रद्धांजलि
गुना।दयालवाणी
देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और नागरिकों की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों की स्मृति में 21 अक्टूबर को गुना पुलिस द्वारा पुलिस स्मृति दिवस श्रद्धा, सम्मान और गौरव के साथ मनाया गया। पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक परिसर में आयोजित इस श्रद्धांजलि समारोह में अमर शहीदों के अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का स्मरण किया गया।
बता दें कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख की दुर्गम पहाड़ियों में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के 10 जवानों की याद में प्रतिवर्ष यह दिवस मनाया जाता है। गुना में आयोजित समारोह का शुभारंभ सुबह 9 बजे हुआ। इस मौके पर एसपी हितिका वासल ने साल 2025-26 के दौरान देशभर में कर्तव्य पथ पर बलिदान देने वाले 154 वीर जवानों के नामों का वाचन किया, जिनमें मध्य प्रदेश पुलिस के 09 अमर शहीद जवान भी शामिल हैं। इन शहीदों के नामों की सूची शहीद स्मारक पर रखी गई और शोक परेड व सलामी के साथ मौन धारण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, न्यायिक, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के अंत में पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने कहा कि हमारे शहीद साथियों ने कर्तव्य पथ पर सर्वोच्च बलिदान दिया है। पुलिस विभाग सदैव उनके परिवारों के साथ खड़ा है। यह आयोजन वीर जवानों के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता का प्रतीक है।