हितग्राही योजनाओं के लाभ और महंगाई के मुद्दे पर घेरी सरकार
कांग्रेस ने खेजरा में की जनसभा
गुना। दयालवाणी
गुना ग्रामीण के बरखेड़ा गिर्द मंडल के अंतर्गत आने वाले ग्राम खेजरा में कांग्रेस पार्टी द्वारा स्थानीय लोगों की मौजूदगी में एक विशेष बैठक रखी गई। इस बैठक में केंद्र और प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की सरकारों पर करारा हमला बोलते हुए जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकारी नीतियों के कारण आम जनता का जीवन स्तर सुधरने के बजाय और अधिक मुश्किल होता जा रहा है, और लगातार बढ़ रही महंगाई से गरीब व मध्यम वर्ग बुरी तरह त्रस्त है।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला महामंत्री पंकज कनेरिया ने कहा कि आज भाजपा शासन में गरीबों को हितग्राही योजनाओं का सही लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे मजदूरों की हालत बेहद दयनीय हो गई है। उन्होंने बढ़ती महंगाई को आर्थिक तंगी की एक बड़ी वजह बताते हुए सरकार को आड़े हाथों लिया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनीष रघुवंशी, बरखेड़ा गिर्द मंडल अध्यक्ष ब्रजेश शर्मा, पगारा मंडल अध्यक्ष दिनेश रघुवंशी, बरखेड़ा गिर्द मंडल उपाध्यक्ष गोलू यादव, खेजरा सेक्टर प्रभारी मोहन कुशवाह, पूर्व जिला महामंत्री धर्मेन्द्र धाकड़, प्रेम नारायण कुशवाह सहित बड़ी संख्या में ग्राम खेजरा के ग्रामीणजन उपस्थित रहे। बैठक में ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं साझा कीं और आगामी रणनीतियों पर चर्चा की।