2.22 करोड़ की नल-जल योजना पर सवाल, दो साल बाद भी फतेहगढ़ के घरों तक नहीं पहुंचा पानी!

कागजों में पूरी हुई योजना, धरातल पर ग्रामीण परेशान; पाइपलाइन खराब होने और पानी की सप्लाई शुरू नहीं होने से ग्रामीणों को निजी इंतजामों के भरोसे रहना पड़ रहा है।

2.22 करोड़ की नल-जल योजना पर सवाल, दो साल बाद भी फतेहगढ़ के घरों तक नहीं पहुंचा पानी!
फतेहगढ़ में दुर्दशा का शिकार हो गई नल-जल योजना।

गुना। दयालवाणी

ग्रामीण इलाकों में घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुँचाने के बड़े-बड़े दावों की पोल खोलती एक विचलित करने वाली तस्वीर गुना जिले की बमोरी जनपद पंचायत के फतेहगढ़ गाँव से सामने आई है। यहाँ वर्ष 2024 में 2 करोड़ 22 लाख रुपए की लागत से तैयार हुई नल-जल योजना भ्रष्टाचार की ऐसी भेंट चढ़ी कि निर्माण एजेंसी से हैंडओवर हुए दो साल बीत जाने के बाद भी एक बूंद पानी लोगों के घरों तक नहीं पहुंच पाया है। कागजों में विकास की गंगा फरार्टा भर रही है, लेकिन जमीन पर प्यासे ग्रामीण आज भी बूंद-बूंद पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

इस पूरे मामले का सबसे दिलचस्प और विडंबनापूर्ण पहलू यह है कि पार्वती-चम्बल-कालीसिंध लिंक परियोजना के तहत राजस्थान के 13 जिलों की प्यास बुझाने की बड़ी तैयारी चल रही है। इसके लिए गुना जिले से होकर बहने वाली सिंध और पार्वती नदियों के पानी को भारी मात्रा में राजस्थान भेजने की योजना है। लेकिन, विडंबना देखिए कि जो जिला पड़ोसी राज्य को पानी देने का बड़ा माध्यम बन रहा है, उसी गुना जिले के ग्रामीण इलाकों में नल-जल योजनाएं दम तोड़ रही हैं। 'दिया तले अंधेरे' वाली कहावत को चरितार्थ करती यह स्थिति बेहद हास्यास्पद है कि एक तरफ भारी-भरकम विरोध और प्रशासनिक प्रयासों के बीच दूसरे राज्यों व क्षेत्रों के लिए जल प्रदाय की योजनाएं बन रही हैं, वहीं गुना के अपने ही गांवों में लोग पेयजल के लिए तरस रहे हैं।

कागजों में दौड़ी योजना, ग्राउंड पर निकला दम

स्थानीय माँग को देखते हुए वित्तीय वर्ष 2021-22 में फतेहगढ़ के लिए 2 लाख लीटर क्षमता वाले ओवरहेड टैंक के साथ इस महत्वकांक्षी योजना को मंजूरी मिली थी। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को इसकी निर्माण एजेंसी बनाया गया था। साल 2024 में पीएचई ने निर्माण कार्य पूरा बताकर योजना ग्राम पंचायत को हैंडओवर भी कर दी। लेकिन, नियम-शर्तों और दावों की हवा ग्राउंड पर निकलते ही निकल गई। टेंडर के नियमों के मुताबिक, योजना पूरी होने के बाद 3 महीने तक इसका ट्रायल होना था, पाइपलाइन बिछाने के दौरान तोड़ी गई सड़कों को दुरुस्त किया जाना था और हर घर के अंदर तक नल कनेक्शन से पानी पहुँचाना था। इनमें से एक भी वादा जमीन पर पूरा नहीं हुआ।

सड़कों पर बहता पानी और घरों में पसरा सूखा

योजना के नाम पर पूरे गाँव की सड़कें खोदकर बदहाल कर दी गईं, लेकिन लोगों के नलों में पानी नहीं आया। ग्रामीण रोहित अग्रवाल का दर्द छलक कर सामने आता है, उनका कहना है कि "पाइपलाइन बिछाने के नाम पर पूरे गाँव की सड़कें खोद दी गईं, पर आज तक घरों तक पानी नहीं पहुँचा। जो कनेक्शन किए गए, उनका पानी रास्तों पर बहता है और हमें निजी कनेक्शनों के सहारे पानी का जुगाड़ करना पड़ता है।" वहीं, दूसरे ग्रामीण करण ओढ़ बताते हैं कि मजदूरी पर जाने से पहले उन्हें रोजाना पानी के लिए भारी जद्दोजहद करनी पड़ती है। सप्लाई लाइन चालू न होने के कारण मजबूरी में 500 से 1000 रुपए खर्च कर पानी का बंदोबस्त करना पड़ता है।

एक नजर में योजना का कच्चा-चिट्ठा

जनपद पंचायत: बमोरी

ग्राम पंचायत: फतेहगढ़

कुल आबादी: लगभग 5,000

स्वीकृति वर्ष: 2021-22

लागत: 2 करोड़ 22 लाख रुपए

हैंडओवर वर्ष: 2024 (लेकिन जमीन पर स्थिति शून्य)

पीएचई को लिखा था पत्र, पर नहीं मिली मदद

इस पूरे मामले में जब ग्राम पंचायत फतेहगढ़ के सरपंच योगेश कुमार सहरिया से बात की गई, तो उन्होंने विभाग की पोल खोलकर रख दी। उन्होंने बताया कि हैंडओवर के समय ही पाइपलाइन कई जगहों से डैमेज थी, जिसकी लिखित सूचना पंचायत द्वारा पीएचई को दे दी गई थी। विभाग को यह भी बताया गया था कि सुधार कार्य में जो राशि लगेगी, उसका भुगतान पीएचई द्वारा किया जाएगा, लेकिन आज तक एक धेला नहीं मिला। फिलहाल टंकी पर लगे बोर से ही किसी तरह काम चलाया जा रहा है।