सफेद लाइन के बाहर नहीं लगेंगी दुकानें, गुना प्रशासन ने दिखाई सख्ती
सदर बाजार, लक्ष्मीगंज और हाट रोड पर संयुक्त टीम की कार्रवाई, नियम तोड़ने वाले दुकानदारों के काटे चालान; रामलीला मैदान में भी अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी।
गुना।दयालवाणी
त्यौहारों के मद्देनजर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। बुधवार को तहसीलदार मयंक तिवारी के नेतृत्व एवं टीआई राजकुमार शर्मा की मौजूदगी में पुलिस और नगरपालिका की संयुक्त टीम ने सदर बाजार, लक्ष्मीगंज और हाट रोड में व्यापक कार्रवाई की।
इस दौरान व्यापारियों एवं दुकानदारों से सफेद पट्टी के अंदर दुकानें लगाने की अपील की गई, वहीं नियमों का उल्लंघन कर सफेद पट्टी से बाहर दुकानें लगाने वाले कई दुकानदारों के चालान भी काटे गए। प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी है कि यदि दोबारा नियमों के मुताबिक दुकानें नहीं लगाई गईं तो और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा रामलीला मैदान में ठेलों द्वारा तय सीमा से आगे अतिक्रमण करने से रामलीला मंचन में व्यवधान उत्पन्न हो रहा था। इसको देखते हुए पुरानी गल्ला मंडी स्थित इस मैदान में सीमा संकेतक लगाकर दुकानदारों व ठेले वालों को चेतावनी दी जाएगी कि निर्धारित दायरे से बाहर आने पर सीधी कार्रवाई की जाएगी।