47 नकली नोट लेकर बाजार में पहुंचा जालसाज,कोतवाली पुलिस ने 100-100 रुपये के नकली नोटों के साथ आरोपी को दबोचा
गुना।दयालवाणी
जिले में अपराधियों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के कुशल नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन में गुना कोतवाली थाना पुलिस ने बाजार में धड़ल्ले से जाली नोट खपाने की कोशिश कर रहे एक शातिर जालसाज को धर दबोचा है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 100-100 रुपये के कुल 47 जाली नोट बरामद किए हैं, जिससे शहर के व्यावसायिक सर्किल में हड़कंप मच गया है।
घटना की शुरूआत 3 अक्टूबर 2026 की रात्रि को हुई, जब गुना बस स्टैंड स्थित लोकप्रिय पंजाबी ढाबे पर एक संदिग्ध युवक खाना खाने के बाद भुगतान करने पहुंचा। ढाबा संचालक के अनुसार, युवक ने खाने के बिल के एवज में 100 रुपये का एक नोट थमाया। जब संचालक ने उस नोट को गौर से देखा, तो वह संदिग्ध और बनावट में नकली प्रतीत हुआ। बिना देर किए संचालक ने इसकी सूचना तुरंत गुना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। इस पूरी उल्लेखनीय और त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक हरिचरण मीना, सहायक उपनिरीक्षक अमर सिंह भदौरिया, आरक्षक नवदीप अग्रवाल, आरक्षक विनय जाट, आरक्षक अंकित लोधी, आरक्षक अजय सिकरवार और आरक्षक अमित कुशवाह की भूमिका बेहद सराहनीय रही।
तलाशी में मिला नकली नोटों का जखीरा
पुलिस की पूछताछ में संदिग्ध ने अपना नाम चंद्रेश पुत्र रामबाबू अहिरवार, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम बरखेड़ी गिर्द, थाना बजरंगगढ़, जिला गुना बताया। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की और आरोपी की जामा तलाशी ली, तो उसके पास से 100-100 रुपये के 46 अन्य जाली नोट भी बरामद हुए। इस प्रकार पुलिस ने कुल 47 नकली नोट जप्त किए। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध गुना कोतवाली में अपराध क्रमांक 606/26, धारा 180 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
जालसाजी के बड़े नेटवर्क तक पहुंचने के लिए पुलिस रिमांड पर आरोपी
पकड़े गए आरोपी से यह जानने के लिए गहन पूछताछ की जा रही है कि आखिर ये जाली नोट उसने कहाँ से प्राप्त किए थे, इन्हें बाजार में किन-किन जगहों पर खपाने की योजना थी और इस अवैध और आपराधिक गतिविधि में उसके साथ और कौन-कौन लोग संलिप्त हैं। इस पूरे नेटवर्क की गहराई से थाह पाने के लिए पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर विधिवत पुलिस रिमांड प्राप्त कर लिया है। पुलिस का मानना है कि इस पूछताछ से कई अन्य खुलासे भी हो सकते हैं।