अतिक्रमण पर प्रशासन का बुलडोजर एक्शन, विरोध के बीच जेसीबी से टूटा अवैध चबूतरा

गुना में गांधी जयंती पर महाअभियान का आगाज, जुर्माने की रसीद फाड़ने पर बढ़ा विवाद; 15 से 20 घरों से हटाया अतिक्रमण

अतिक्रमण पर प्रशासन का बुलडोजर एक्शन, विरोध के बीच जेसीबी से टूटा अवैध चबूतरा
अतिक्रमण पर प्रशासन का बुलडोजर एक्शन, विरोध के बीच जेसीबी से टूटा अवैध चबूतरा

गुना।दयालवाणी

गांधी जयंती पर गुना शहर में एक नए जोश के साथ 'अभी नहीं तो कभी नहीं' नारे के तहत स्वच्छता और अतिक्रमण विरोधी महाअभियान का शंखनाद हुआ। सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा एक दिन पहले दिए गए कड़े निर्देशों के बाद, प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। अभियान के पहले ही दिन वार्ड क्रमांक 28 में प्रशासनिक अमले, भारी पुलिस बल और खुद कलेक्टर के मैदान में उतरने से हड़कंप मच गया। इस दौरान कार्रवाई ने तब तूल पकड़ लिया जब एक अतिक्रमणकारी ने अधिकारियों के सामने ही जुमार्ने की रसीद फाड़ने की कोशिश की और धक्का-मुक्की तक हो गई।

दरअसल, कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल स्वच्छता को लेकर वार्ड 28 का भ्रमण कर रहे थे, तभी उनकी नजर एक गली में बने अवैध चबूतरों पर पड़ी। उन्होंने तुरंत नगरपालिका की टीम को चबूतरा तोड़ने और जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। फिर क्या था, कुछ ही देर में नगरपालिका की टीम जेसीबी लेकर पहुंची तो हंगामा शुरु गई। अतिक्रमणकारी को सीएमओ शैलेष अवस्थी की मौजूदगी में जब 10 हजार रुपए जुर्माने की रसीद थमाई गई तो उसने हंगामा कर दिया। एक युवक ने रसीद फाड़ने का प्रयास किया, जिस पर विवाद और बढ़ गया। सरकारी कार्रवाई में इस तरह के अड़ियल रवैये और अभद्रता को देखकर अधिकारी भड़क उठे। आनन-फानन में कलेक्टर के सख्त निर्देशों पर मौके पर जेसीबी बुलवाई गई और तुरंत उस अवैध चबूतरे को नेस्तनाबूद कर दिया गया।

सीएमओ ने पूछा-मकान की परमिशन है क्या?

कार्रवाई के दौरान सीएमओ शैलेष अवस्थी ने सख्त लहजे में कहा कि सरकारी कार्रवाई में ऐसा व्यवहार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हालांकि, अतिक्रमणकारी अपनी जिद पर अड़ा रहा। उसका दावा था कि गली के रहवासियों ने अपने खर्चे पर सड़क डलवाई है और जब समस्याएं होती हैं, तब नगरपालिका झांकने तक नहीं आती। उसने दो टूक कह दिया कि वह जुमार्ना नहीं भरेगा और इसके लिए कोर्ट में केस लड़ने को तैयार है।

जैसी ही जेसीबी ने चबूतरा तोड़ना शुरू किया, वार्ड में भारी हंगामा मच गया। देखते ही देखते महिलाएं भी अपना अतिक्रमण बचाने के लिए मैदान में कूद पड़ीं और नगरपालिका अमले से उलझती नजर आर्इं। स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। इसी गहमागहमी के बीच सीएमओ ने अतिक्रमणकारी की बिल्डिंग की ओर इशारा करते हुए उसकी अनुमति के कागजात तक तलब कर डाले।

पूरी गली से हटाया अतिक्रमण

दिनभर चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे और विरोध के बावजूद सीएमओ शैलेष अवस्थी ने स्पष्ट किया कि गुना को पूरी तरह स्वच्छ बनाना ही उनका मुख्य संकल्प है। उस विशेष गली में प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए 15 से 20 घरों के अतिक्रमण को हटाकर रास्ता साफ कर दिया। इस महाअभियान ने साफ कर दिया है कि गुना प्रशासन अब शहर के विकास और व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए किसी भी प्रकार की नरमी बरतने के मूड में नहीं है।

कलेक्टर से बोलीं बुजुर्ग-समय पर नहीं आती कचरा गाड़ी

हंगामे और विरोध के बीच कलेक्टर ने पूरी कमान अपने हाथ में संभाली और मजिस्ट्रेट सुश्री महिमा चौधरी, देवांशु शिवहरे, आरती गौतम समेत भारी-भरकम अधिकारियों की फौज के साथ वार्ड की गलियों की खाक छानी। इस दौरान कलेक्टर ने माईक थामकर खुद लोगों को दिशा-निर्देश दिए। स्थानीय नागरिकों से संवाद के दौरान पानी और नाली की गंभीर समस्याएं खुलकर सामने आर्इं। 55 साल से वार्ड में रह रही राधाबाई नाम की एक वृद्ध महिला ने गंदगी पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने शिकायत की कि कचरा गाड़ी समय पर नहीं आती और उन्हें एक-एक घंटे इंतजार करना पड़ता है। इस पर नगरपालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता ने सहयोग की अपील की, वहीं कलेक्टर ने तुरंत सीएमओ शैलेष अवस्थी को मौके पर ही कड़े निर्देश दिए कि शहर और वार्ड की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।

बिजली के तारों पर सूख रहे थे कपड़े

निरीक्षण के दौरान वार्ड में एक अजीब तस्वीर तब देखने को मिली जब एक व्यक्ति बिजली के खतरनाक तारों पर अपने कपड़े सुखाता नजर आया। सुरक्षा की दृष्टि से कलेक्टर ने तुरंत इन तारों से कपड़े हटाने के निर्देश दिए। इस दौरान मौके पर मौजूद बिजली विभाग और नगरपालिका के अधिकारी बिजली के पोल बढ़ाने के मुद्दे को लेकर एक-दूसरे पर ठीकरा फोड़ते और बहस करते दिखाई दिए।

 वहीं, कलेक्टर को अपने बीच पाकर कुछ महिलाएं काफी खुश नजर आईं। शबाना नाम की स्थानीय महिला ने उत्साह से कहा, हम आपको हमेशा मोबाइल पर देखते थे, आप पहले ऐसे कलेक्टर हैं जो खुद फील्ड पर उतरकर लोगों से मिलते हैं।