500 बीघा जमीन के विवाद में खूनी संघर्ष, भाजपा जिला मंत्री के भाई की हत्या

भतीजे पर चाचा को गोली मारने का आरोप, पुलिस ने पिता-पुत्र को किया गिरफ्तार; अवैध बंदूक जब्त

500 बीघा जमीन के विवाद में खूनी संघर्ष, भाजपा जिला मंत्री के भाई की हत्या
मृतक और आरोपी।

गुना। दयालवाणी

जिले के सिरसी थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम सारेठा में जमीन के एक बड़े और पुराने विवाद ने रविवार रात खूनी रूप ले लिया। करीब 500 बीघा जमीन के बंटवारे और कब्जे को लेकर उपजे तनातनी के बीच एक भतीजे ने अपने ही 40 वर्षीय चाचा को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक भाजपा के जिला मंत्री वीर बहादुर सिंह के छोटे भाई बताए जा रहे हैं।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, छोटे भाई की निर्मम हत्या की खबर सुनते ही भाजपा जिला मंत्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के संबंध में सामने आई विस्तृत जानकारी के अनुसार, रविवार 25 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे विजय सिंह अपने भतीजे शांतनु के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर खेत की तरफ जा रहे थे। रास्ते में आरोपी भारत सिंह यादव और उसके बेटे विशाल ने पहले से ही घात लगा रखी थी। जैसे ही दोनों वहां पहुंचे, हमलावरों ने उन पर अचानक धावा बोल दिया। आरोप है कि शुरूआत में आरोपियों ने शांतनु पर लाठी से ताबड़तोड़ वार कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद मुख्य आरोपी विशाल ने अवैध रूप से रखी 12 बोर की बंदूक निकाली और विजय सिंह के बाएं पैर में सीधा फायर कर दिया। गोली सीधे पैर में लगने से अत्यधिक रक्तस्राव (खून बहना) हुआ, जिससे विजय सिंह मौके पर ही गंभीर रूप से लहूलुहान होकर गिर पड़े। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, अवैध हथियार जब्त

वारदात की सूचना मिलते ही सिरसी थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी भारत सिंह यादव और उसके बेटे विशाल को धर दबोचा। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि वारदात में इस्तेमाल की गई 12 बोर की बंदूक पूरी तरह से अवैध थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या, बलवा और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है।

विशेष टिप्पणी: सुलगता वन भूमि विवाद और प्रशासनिक उदासीनता

इस इलाके में जमीन के विवाद कोई नए नहीं हैं। स्थानीय जानकारों के अनुसार, इस पूरे क्षेत्र में वन भूमि (फॉरेस्ट लैंड) पर कब्जे और बंटवारे को लेकर पहले भी कई खूनी संघर्ष और हिंसक घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पूर्व में भी कई लोगों की जान वन भूमि के अवैध विवादों की भेंट चढ़ चुकी है। इसके बावजूद जिला प्रशासन और संबंधित महकमे वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए कोई बड़ा और व्यापक अभियान चलाने से बचते नजर आ रहे हैं। आलम यह है कि वन विभाग हमेशा अमले (कर्मचारियों) की कमी का रोना रोकर हाथ पर हाथ धरे बैठा रहता है, जिसका खामियाजा आम जनता को अपनी जान गंवाकर चुकाना पड़ रहा है।