‘न समता, न सनातन, न स्वाभिमान’, दिग्विजय की यात्रा पर बरसे शाक्य

गुना विधायक ने प्रेसवार्ता में साधा निशाना, यात्रा को बताया राजनीतिक वजूद बचाने की कोशिश

‘न समता, न सनातन, न स्वाभिमान’, दिग्विजय की यात्रा पर बरसे शाक्य
पन्नालाल शाक्य, गुना विधायक।

गुना। दयालवाणी

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की सत्य, सनातन, स्वाभिमान यात्रा को लेकर भाजपा ने तीखे तेवर दिखाए था। गुना के विधायक पन्नालाल शाक्य ने गुरुवार को अपने आवास पर प्रेसवार्ता बुलाकर दिग्विजय सिंह पर कड़े सियासी हमले किए। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि इस यात्रा में न तो समता बची है, न सनातन और न ही कोई स्वाभिमान।

विधायक शाक्य ने आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह ने महाकाल बाबा को समर्पित सनातन धर्म के दुपट्टे का अपमान किया है। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि यदि अयोध्या में उनकी दृष्टि से सब गलत हैं, तो उन्हें जावरा या अजमेर शरीफ से दिल्ली की जामा मस्जिद तक यात्रा निकालनी चाहिए और माथे पर हरा रुमाल बांध लेना चाहिए। स्थानीय मुद्दों को उठाते हुए पन्नालाल शाक्य ने आरोप लगाया कि आरोन में जोगी समाज की जमीन पर कब्जा किया गया है, जिससे वे लोग आज बेहाल हैं, और क्षेत्र में मानस भवन का निर्माण भी नहीं होने दिया जा रहा है। उन्होंने दिग्विजय सिंह के राजनीतिक वजूद पर तंज कसते हुए कहा कि यह यात्रा केवल उनका अस्तित्व बचाने की छटपटाहट है। शाक्य ने कहा कि दिग्विजय खुद चुनाव हार चुके हैं और उनका बेटा भी मुश्किल से जीत पाया है। उन्होंने कहा कि "धृतराष्ट्र पैदा हुआ है, जो अपने दुर्योधन को सिंहासन तक पहुंचाने के लिए पदयात्रा कर रहा है।" उन्होंने आगे कहा कि यदि उन्हें गमछे से एलर्जी थी, तो उन्हें महाकाल से यात्रा शुरू नहीं करनी चाहिए थी। सनातनी होने के नाते हिंदुत्व के चिह्नों का अपमान नहीं करना चाहिए।

वोट चोरी पर दिया यह जवाब

दिग्विजय सिंह द्वारा लगाए गए वोट चोरी के आरोपों का जवाब देते हुए शाक्य ने कहा कि राजगढ़ से जब उनके खिलाफ नीतेश भारद्वाज, प्यारेलाल खंडेलवाल और कैलाश जोशी चुनाव लड़े थे, तब क्या वोट चोरी नहीं हुई थी? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 85 साल की उम्र हो चली है, अब अपने अनुचरों को खुद की क्षमता पर छोड़ देना चाहिए, उंगली पकड़कर चलना सिखाने की जरूरत नहीं है।