अजरौड़ा में अवैध खनन पर छापा, दो डम्पर जब्त
रेलवे निर्माण कंपनी पर बिना अनुमति खनिज उत्खनन का आरोप
गुना।दयालवाणी
जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निदेर्शों के पालन में जिला खनिज अधिकारी सचिन वर्मा ने खनिज विभाग की टीम के साथ रुठियाई क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान ग्राम अजरौड़ा में रेलवे निर्माण कार्य कर रही एक निजी कंपनी द्वारा बिना किसी वैध अनुमति के खनिज का उत्खनन किए जाने का मामला सामने आया। मौके पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने अवैध उत्खनन में लगे दो डम्पर वाहन जब्त कर लिए। जब्त किए गए दोनों वाहनों को रुठियाई पुलिस चौकी में खड़ा कराया गया है। इस मामले में खनिज विभाग द्वारा नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान प्रभारी खनिज निरीक्षक विजय कुमार चक्रवर्ती सहित अन्य अमला मौजूद रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन गतिविधियों पर आगे भी कड़ी निगरानी रखकर लगातार कार्रवाई की जाएगी।