दिवाली पर माटी शिल्पियों को बड़ी राहत, बाजार में मिलेगी जगह और टैक्स से छूट

मिट्टी के दीये-मूर्तियां बेचने के लिए प्रशासन करेगा व्यवस्था

दिवाली पर माटी शिल्पियों को बड़ी राहत, बाजार में मिलेगी जगह और टैक्स से छूट

गुना। दयालवाणी

आगामी दीपावली और अन्य पारंपरिक त्योहारों को देखते हुए कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने कुम्हार समुदाय के पारंपरिक माटी शिल्पियों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

कलेक्टर ने जिले के सभी नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे माटी शिल्पियों को मिट्टी के दीये, मूर्तियां, खिलौने और सजावटी सामान बेचने के लिए हाट बाजारों में उचित स्थान उपलब्ध कराएं। अक्सर त्योहारों के समय इन शिल्पियों को बाजारों में सही जगह नहीं मिल पाती थी और स्थानीय निकायों द्वारा उनसे कर (टेक्स) भी वसूला जाता था। इसे गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि माटी शिल्पियों से किसी भी प्रकार की कर वसूली नहीं की जाए। प्रशासन की इस पहल से स्थानीय कारीगरों को अपने उत्पाद बेचने में आसानी होगी और स्वदेशी मिट्टी के सामानों के उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।