अब एआई एप से लगेगी पुलिसकर्मियों की हाजिरी

डीआईजी ने किया लोकार्पण, आसान होगी मॉनीटरिंग

अब एआई एप से लगेगी पुलिसकर्मियों की हाजिरी
कार्यक्रम में मौजूद डीआईजी और एसपी।

गुना।दयालवाणी

पुलिस में अब ड्यूटी और हाजिरी की व्यवस्था पूरी तरह आधुनिक तकनीक के जरिए होगी। पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए मंगलवार को एक विशेष 'ड्यूटी और हाजिरी ऐप' का औपचारिक शुभारंभ किया गया। ग्वालियर रेंज के डीआईजी डॉ. असित यादव ने अपने दो दिवसीय गुना दौरे के दौरान इस एआई आधारित सिस्टम का लोकार्पण किया। इस ऐप को आईआईटी के छात्र निखिल द्वारा डिजाइन किया गया है, जिन्होंने इसकी कार्यप्रणाली की पूरी जानकारी दी।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि इस ऐप के माध्यम से ही पुलिसकर्मियों की ड्यूटियां लगाई जाएंगी। कौन से क्षेत्र में कितना बल चाहिए और किस रैंक के पुलिसकर्मी तैनात होंगे, यह सब यह ऐप ही तय करेगा, जिसके लिए इसमें आवश्यक प्रोग्रामिंग फीड की गई है। पुलिसकर्मियों को एक दिन पहले ही उनका ड्यूटी चार्ट उनके मोबाइल पर मिल जाएगा। साथ ही, ऐप यह भी दर्ज करेगा कि संबंधित पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर समय पर पहुंचा या नहीं। इस ऐप की एक खास विशेषता यह है कि यह हर पुलिसकर्मी के कार्य प्रदर्शन के आधार पर उसे अंक देगा। महीने के अंत में इन्हीं अंकों के आधार पर सर्वश्रेष्ठ पुलिस अधिकारी का चयन किया जाएगा। इसे कुल तीन चरणों में तैयार किया जा रहा है, जिसमें पहले चरण में ई-प्रबंध पोर्टल, दूसरे चरण में कवच और तीसरे चरण में क्वार्टर मैनेजमेंट शामिल रहेगा। इस दौरे के दौरान डीआईजी ने कैंट थाने का निरीक्षण किया, परेड ग्राउंड में परेड का जायजा लिया तथा पुलिस जिम, मेस और सैनिक सम्मेलन में पहुंचकर पुलिसकर्मियों की समस्याएं भी सुनीं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक हितिका वासल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन भी मौजूद रहे।