आरक्षण बचाओ संघर्ष मोर्चा की हुंकार
ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण और जातिगत जनगणना में कॉलम जोड़ने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
गुना। दयालवाणी
सामाजिक न्याय, अधिकारों के संरक्षण और हकों की लड़ाई को तेज करते हुए आरक्षण बचाओ संघर्ष मोर्चा ने शहर में एक विशाल रैली निकाली। ओबीसी महासभा के राष्ट्रीय महासचिव बृजेंद्र सिंह यादव और प्रदेश संयोजक प्रकाश सिंह धाकड़ के नेतृत्व में निकली इस रैली में भारी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और सरकार के खिलाफ अपनी मुखर आवाज बुलंद की। शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई यह आक्रोश रैली सीधे गुना कलेक्ट्रेट पहुँची, जहाँ जिला प्रशासन के माध्यम से देश के राष्ट्रपति के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के सामने प्रमुख रूप से मांग रखी कि अटके पड़े मामलों में 13 प्रतिशत होल्ड को तत्काल हटाया जाए और ओबीसी वर्ग को पूरा 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा, आगामी जातिगत जनगणना में विशेष रूप से ओबीसी का अलग से कॉलम जोड़े जाने की पुरजोर मांग उठाई गई, ताकि सही और पारदर्शी आंकड़े सामने आ सकें। रैली और ज्ञापन के दौरान मोर्चा ने कई अन्य बड़े सामाजिक मुद्दे भी उठाए। इनमें एससी-एसटी आरक्षण को बढ़ाकर 30 प्रतिशत करने, यूजीसी बिल को पूरी तरह यथावत लागू करने तथा ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) आरक्षण के दायरे में हर समाज के गरीब तबके को शामिल करने की मांग शामिल रही। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इन जायज मांगों पर गौर नहीं किया गया, तो आंदोलन को और अधिक तीव्र किया जाएगा।