डामर प्लांट के प्रदूषण से परेशान ग्रामीण, बच्चों ने विधायक से लगाई गुहार

बरसाती गांव में धूल-धुएं से जनजीवन प्रभावित, प्लांट दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग

डामर प्लांट के प्रदूषण से परेशान ग्रामीण, बच्चों ने विधायक से लगाई गुहार
प्लांट के सामने खड़े ग्रामीण

गुना।दयालवाणी

 गुना-फतेहगढ़ रोड का निर्माण कर रहे ठेकेदार की मनमानी से ग्रामीण त्रस्त हो चुके हैं। ठेकेदार द्वारा ग्राम बरसाती में लगाए गए डामर प्लांट से फैल रहे भारी प्रदूषण के कारण लोगों का जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।

ग्रामीणों के मुताबिक प्लांट से उड़ने वाली जहरीली धूल और धुएं से तंग आकर बरसाती गांव के मासूम बच्चों ने अब बमौरी विधायक को वीडियो कॉल करके अपनी दास्तान सुनाई है और इस डामर प्लांट को तुरंत दूसरी जगह शिफ्ट करने की गुहार लगाई है, ताकि ग्रामीणों को गंभीर बीमारियों से बचाया जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रदूषण के चलते कई लोगों को हृदय रोग और चर्म रोग जैसी गंभीर समस्याएं जकड़ने लगी हैं। स्थिति यह है कि अगर ग्रामीण अपनी छतों पर खाने के लिए गेहूं या अन्य अनाज सुखाने डालते हैं, तो उस पर भी प्रदूषण की काली परत और धूल जम जाती है। दूषित हो चुके इस अनाज के सेवन से बीमारियां और तेजी से फैल रही हैं। सबसे बुरा हाल स्कूली बच्चों का है, जो धूल के गुबार के बीच से गुजरकर स्कूल जाते हैं। रास्ते में उड़ने वाली भारी धूल सीधे उनके फेफड़ों में समा रही है, जो उनके स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक साबित हो रही है। खास बात यह है कि बरसाती और आसपास के गांवों में अधिकांश लोग मजदूरी करते हैं, जिनके आर्थिक हालात इतने अच्छे नहीं है कि वे बड़े अस्पतालों में अपने लिए बेहतर उपचार मुहैया करा सकें। बताया जा रहा है कि ठेकेदार की मनमानी और अवैध हरकतों के खिलाफ इससे पहले कुड़का गांव के ग्रामीण भी अवैध उत्खनन के गंभीर आरोप लगा चुके हैं।