गुना में सवर्ण संघर्ष मोर्चा का बुधवार को नगर बंद और रैली का ऐलान

यूजीसी, आरक्षण और एससी/एसटी एक्ट के विरोध में याचना नहीं, अब रण होगा का नारा

गुना में सवर्ण संघर्ष मोर्चा का बुधवार को नगर बंद और रैली का ऐलान

गुना। दयालवाणी

आरक्षण में संशोधन, यूजीसी के नियमों और एससी/एसटी एक्ट के दुरुपयोग को लेकर सर्वर्ण संघर्ष मोर्चा ने बुधवार, 9 सितंबर को गुना नगर बंद और विशाल रैली का आह्वान किया है। मंगलवार को पुरानी तहसील कार्यालय के सामने आयोजित एक पत्रकारवार्ता के दौरान मोर्चा ने याचना नहीं, अब रण होगा नारे के साथ आंदोलन का पेम्पलेट जारी किया और विरोध प्रदर्शन की रूपरेखा साझा की।

जारी पेम्पलेट के अनुसार, आंदोलन की शुरूआत 9 सितंबर को सुबह 10.30 बजे शास्त्री पार्क से होगी। इसके बाद प्रदर्शनकारी शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचेंगे। वहां प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन के प्रथम चरण का समापन किया जाएगा। मोर्चा पदाधिकारियों ने नगर बंद और रैली को सफल बनाने के लिए क्षेत्र के समस्त युवाओं, छात्रों, महिलाओं और नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में जुटने की अपील की है। पत्रकारवार्ता में मोर्चा के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस आंदोलन के मुख्य आधार तीन बड़े मुद्दे हैं। इनमें आरक्षण व्यवस्था में आवश्यक संशोधन, यूजीसी के कथित काले कानून को वापस लेने (रोलबैक) और एससी/एसटी एक्ट के दुरुपयोग पर रोक लगाना शामिल है। मोर्चा का आरोप है कि एससी/एसटी एक्ट का गलत इस्तेमाल कर मनमाने मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं और बिना पक्ष सुने कार्रवाई की जा रही है, जिससे समाज में असमानता और असंतोष बढ़ रहा है। मोर्चा ने स्पष्ट किया कि कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपने के बाद आंदोलन का यह चरण जरूर पूरा होगा, लेकिन जब तक सरकार उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं करती, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा। यह आंदोलन न्याय और समानता की स्थापना के लिए है। अब यह देखना होगा कि इस बंद के आह्वान का शहर में कितना असर पड़ता है और स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन क्या कदम उठाता है।