संत कमल किशोर नागर को धमकी भरा पत्र देने पर गुना में भी आक्रोश

मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर जांच की मांग

संत कमल किशोर नागर को धमकी भरा पत्र देने पर गुना में भी आक्रोश

गुना।दयालवाणी

झाबुआ जिले में जन्माष्टमी कार्यक्रम के दौरान प्रख्यात संत कमल किशोर नागर को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा मंच पर उपहार के रूप में धमकी भरा पत्र थमा दिया गया। इस घटना की जानकारी सामने आते ही श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश फैल गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गुना स्थित श्रीराम कृष्ण गौशाला के सदस्यों और ग्राम बनेह के ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर के जरिए मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने शासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा संत को धमकी देने वाले आरोपी की पहचान जल्द से जल्द उजागर करने की मांग की है। ज्ञापन देने आए लोगों का कहना है कि पूज्य संत जी को इस तरह सरेआम धमकी दिया जाना अत्यंत चिंताजनक है, जिससे उनके समर्थकों में गहरी नाराजगी व्याप्त है। श्रद्धालुओं ने मांग की है कि मामले में तत्परता से कार्रवाई की जाए और संत की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।