जाम के झंझट से मिलेगी मुक्ति!
आदर्श रोड, नो-व्हीकल जोन और तय पार्किंग से बदलेगी यातायात की सूरत
गुना।दयालवाणी
शहर की कानून व्यवस्था, यातायात, परिवहन और पर्यावरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक सुधार लाने के उद्देश्य से कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय संयुक्त बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में हुई इस बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए कई अहम और व्यावहारिक फैसले लिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक हितिका वासल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक दुबे सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।
यातायात व्यवस्था पर चर्चा करते हुए ट्रैफिक टीआई अजय प्रताप सिंह ने पीपीटी के माध्यम से शहर की वर्तमान ट्रैफिक स्थिति और उसके कारणों को उदाहरणों के साथ समझाया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शहर में यातायात सुधार के इस अभियान की शुरूआत सबसे पहले जय स्तंभ चौराहे से की जाएगी। इसके अलावा, शहर के किसी एक प्रमुख मार्ग को ह्यआदर्श रोडह्ण के रूप में विकसित करने और उपयुक्त क्षेत्र को ह्यनो-व्हीकल जोनह्ण बनाने पर भी विशेष रूप से विचार किया गया।
ऑटो चालकों की मनमानी पर कसेगा शिकंजा
शहर में बेतरतीब खड़े होने वाले आॅटो और उनके कारण लगने वाले जाम का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से छाया रहा। यह बात सामने आई कि कई स्थानों पर आॅटो दो कतारों में खड़े हो जाते हैं या सड़क चलते यात्रियों को बैठाने के लिए बीच रास्ते में अचानक रोक दिए जाते हैं, जिससे पीछे का पूरा ट्रैफिक बाधित होता है। इस समस्या के समाधान के लिए शहर में आॅटो के लिए अधिकृत और निश्चित पार्किंग स्थल निर्धारित करने का सुझाव दिया गया। साथ ही, जयस्तंभ क्षेत्र में रोजगार और अन्य जरूरी कामों से प्रतिदिन आने-जाने वाले आम नागरिकों के लिए भी उपयुक्त स्थान चिन्हित करने पर चर्चा हुई।
एसपी बोलीं, रातों-रात समाधान संभव नहीं
पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने स्पष्ट किया कि शहर की सभी समस्याओं का समाधान रातों-रात या एक साथ किया जाना संभव नहीं है, इसलिए इसके लिए एक चरणबद्ध कार्ययोजना के तहत काम किया जाएगा। उन्होंने इस दिशा में नागरिकों और प्रबुद्धजनों से व्यावहारिक सुझाव भी मांगे।
जनभागीदारी और वॉलंटियर्स की ली जाएगी मदद
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि प्रशासनिक प्रयासों के साथ-साथ शहर की व्यवस्थाओं को सुधारने में जनभागीदारी का होना बेहद जरूरी है। उन्होंने वॉलंटियर्स की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि नागरिकों के सहयोग से व्यवस्थाओं को अधिक सुगम बनाया जाएगा। बैठक में तय किया गया कि प्राप्त सुझावों के आधार पर अधिकारी जल्द ही मैदानी स्तर पर संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे और व्यावहारिक समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करेंगे, ताकि आम जनता को बेहतर और सुगम यातायात सुविधाएं मिल सकें।