जर्जर नाली और सड़क से परेशान हो रहे बोहरा कॉलोनी के निवासी
गुना।दयालवाणी
नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 16 की बोहरा कॉलोनी इन दिनों बदहाली का शिकार है। यहां मुख्य सड़क पर कई दिनों से जर्जर हो चुकी नाली का गंदा पानी फैल रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों का जीना मुहाल हो गया है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि गंदे पानी के बीच से गुजरने के दौरान बच्चे और बुजुर्ग फिसलकर नाली में गिर रहे हैं, जिससे हादसे की आशंका हमेशा बनी रहती है।
स्थानीय रहवासियों ने बताया कि इस गली में डॉ. वायएस रघुवंशी सहित क्षेत्र के कई प्रबुद्ध और प्रतिष्ठित नागरिक निवास करते हैं। नाली का गंदा पानी सड़क पर जमा होने और जलभराव के कारण पूरे इलाके में भीषण गंदगी फैल रही है। जगह-जगह गंदा पानी ठहरने से मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है, जिससे क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों फैलने का गंभीर खतरा मंडरा रहा है। परेशान रहवासियों का दावा है कि वे इस विकट समस्या को लेकर स्थानीय पार्षद से लेकर नगरपालिका सीएमओ तक कई बार गुहार लगा चुके हैं, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला और धरातल पर कोई सुनवाई नहीं हुई। प्रशासनिक उदासीनता और जनप्रतिनिधियों की इस लापरवाही के चलते रहवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।