बच्चों की गुहार पर पिघला युवाओं का दिल, सवा लाख से संवारे दो सरकारी स्कूल
विधायक ऋषि अग्रवाल की प्रेरणा से अग्रवाल समाज नवयुवक दल की अनूठी पहल, स्कूलों की बदली त
गुना। दयालवाणी
खुद के लिए तो सब जीते हैं, असली मजा तो अपनों और जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाने में है! कुछ इसी जज्बे के साथ बमौरी विधानसभा में अग्रवाल समाज के युवाओं ने वह कर दिखाया, जो आज पूरे समाज और क्षेत्र के लिए एक मिसाल बन गया है।
दरअसल, अग्रसेन महोत्सव से पहले आयोजित एक कार्यक्रम में जब बमौरी विधायक इंजी. ऋषि अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचे, तो उन्होंने युवाओं के सामने एक छोटी सी लेकिन बेहद गहरी बात रखी—समाज के युवाओं को आदिवासी, गरीब और वंचित वर्गों के लिए कुछ करना चाहिए। विधायक की यह बात युवाओं के दिलों में ऐसी उतरी कि उन्होंने महफिल की शोभा बढ़ाने के बजाय सीधे जमीन पर उतरकर इतिहास रचने की ठान ली। युवाओं ने काफी विचार-विमर्श के बाद बमौरी विधानसभा क्षेत्र के दो सरकारी स्कूल शासकीय प्राथमिक विद्यालय माढ़ई और शासकीय प्राथमिक विद्यालय तारापुर को जीर्णोद्वार को चुना। बाहर से देखने पर ये स्कूल किसी सुनसान खंडहर की तरह नजर आते थे, जहाँ बच्चों का बैठना भी दूभर था। लेकिन 25 सितंबर से शुरू हुआ बदलाव किसी जादू से कम नहीं था। युवाओं ने कमर कसकर स्कूलों की छतों की मरम्मत कराई, शानदार रंग-रोगन करवाया और चप्पे-चप्पे की विशेष साफ-सफाई की। लगभग सवा लाख रुपए से अधिक की राशि खर्च कर इन दोनों सरकारी स्कूलों की तस्वीर पूरी तरह बदल दी गई। आज ये स्कूल किसी महंगे प्राइवेट स्कूल को भी मात दे रहे हैं। सेवा का यह सफर यहीं नहीं रुका। इन नौजवानों का खुलापन और निस्वार्थ भाव देखकर स्कूल के बच्चे इतने घुल-मिल गए कि उन्होंने मासूमियत भरा आग्रह कर डाला— भैया, स्कूलों की मरम्मत तो हो गई, अब इन अतिरिक्त कक्षों को भी नया जैसा चमका दो! बच्चों की इस प्यारी सी मनुहार को इन युवाओं ने टालना तो दूर, सर्वोपरि माना। नतीजा यह हुआ कि तुरंत अतिरिक्त कक्षों की भी रंगाई-पुताई और मरम्मत करवा दी गई।
अग्रसेन जयंती को समर्पित
इस नेक और सेवाभावी कार्य को महाराजा श्री अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में समर्पित किया गया है। इस पूरी मुहिम को सफल बनाने में अग्रवाल समाज नवयुवक दल के प्रमुख चेहरों—दीपक मंगल, अनिल बिंदल, अनिरूद्ध बिंदल, हृदेश अग्रवाल, चन्द्र कुमार, राजीव अग्रवाल, जलज अग्रवाल, ध्रुव जैन, अक्षय मंगल, दिव्यांग मंगल, भूपेंद्र अग्रवाल, रिदम बिंदल, अमित गोयल और दीपक अग्रवाल समेत तमाम सदस्यों ने अपना भरपूर योगदान दिया।