विधायकों की नाराजगी भी बेअसर, गुना में बिजली कटौती जारी

दीपावली से पहले बिजली संकट गहराया, व्यापार प्रभावित और रबी की बोवनी पर संकट।

विधायकों की नाराजगी भी बेअसर, गुना में बिजली कटौती जारी
रेलवे स्टेशन रोड स्थित बिजली कंपनी का दफ्तर। -फाईल फोटो

गुना।दयालवाणी

त्योहारी सीजन की दस्तक के साथ ही गुना जिले में बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। दीपावली का त्योहार सिर पर है, लेकिन बिजली कंपनी की लचर कार्यप्रणाली के कारण आम नागरिक, व्यापारी और किसान सभी बुरी तरह परेशान हैं। ताज्जुब की बात यह है कि जनप्रतिनिधियों द्वारा खुलेआम नाराजगी जताने और सरकार को घेरने के बावजूद बिजली व्यवस्था में कोई सुधार देखने को नहीं मिल रहा है।

शहर से लेकर गांव तक बिजली की बदहाली का आलम यह है कि अक्टूबर के इस महीने में ही बिजली कंपनी ने 15 से अधिक बार 4-4 घंटों की घोषित कटौती की है। घोषित कटौती तो एक तरफ, बिना किसी पूर्व सूचना के होने वाली अघोषित कटौती का दौर भी बदस्तूर जारी है। सुबह के समय बिजली गुल होने से लोगों की दिनचर्या पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो जाती है, तो वहीं दोपहर और शाम के वक्त होने वाले बिजली कट से बाजार और व्यापार चौपट हो रहे हैं। खासकर औद्योगिक क्षेत्रों और बस स्टैंड जैसे व्यस्त इलाकों में जब घंटों बिजली गायब रहती है, तो कामकाज पूरी तरह ठप पड़ जाता है। इतना ही नहीं, आजकल बढ़ते इलेक्ट्रिक व्हीकल के उपयोग पर भी इसका सीधा असर पड़ रहा है। पर्याप्त और निर्बाध बिजली न मिलने के कारण लोग अपने वाहन तक चार्ज नहीं कर पा रहे हैं।

रबी की बोवनी और घरेलू कामकाज प्रभावित

बिजली कटौती की मार से शहर की गृहणियां और ग्रामीण इलाकों के किसान समान रूप से बेहाल हैं। गृहिणी शोभा बाई जादौन और नंदिनी कुलकर्णी का कहना है कि सुबह के समय बार-बार थोड़ी-थोड़ी देर के लिए बिजली जाने से पानी का पर्याप्त भंडारण नहीं हो पाता, क्योंकि पीएचई विभाग की नल सप्लाई का समय तो निश्चित होता है। उधर ग्रामीण क्षेत्रों में हालत और भी ज्यादा चिंताजनक है। कुशेपुर के किसान नंदलाल धाकड़, परवाह के सोबरन किरार और फतेहगढ़ के मुकेश जाटव ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि बीते नवरात्रि पर्व के दौरान भी बिजली की भारी कटौती की गई। अब जब रबी की फसल के लिए बोवनी का समय चल रहा है, तब भी पर्याप्त बिजली न मिलने से खेती-किसानी का काम बुरी तरह पिछड़ रहा है।

जनप्रतिनिधियों के तेवर तीखे, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष ने भी खोला मोर्चा

बिजली संकट को लेकर सियासत भी गरमा गई है। बमौरी विधायक इंजी. ऋषि अग्रवाल और राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने लोड शेडिंग के नाम पर ग्रामीण इलाकों में की जा रही कटौती को लेकर सरकार और प्रशासन को आड़े हाथों लिया है। बिजली का मुद्दा इस कदर गहरा चुका है कि फतेहगढ़ क्षेत्र के भाजपा मंडल उपाध्यक्ष ने तो अपनी ही पार्टी और सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए एक वीडियो जारी कर दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि बिजली कटौती से किसानों की बोवनी प्रभावित हो रही है। ग्रामीण उन्हें फोन करके अपनी समस्याएं बताते हैं, लेकिन बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हैं। कुल मिलाकर, गुना जिले में बिजली विभाग की मनमानी के कारण दीपावली के त्योहार की खुशियां और किसानों की मेहनत दोनों पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार महकमा कुंभकर्णी नींद में सोया हुआ है।