नर्सिंग परीक्षा परिणाम घोषित होने पर छाई खुशी की लहर
कॉलेज संचालकों और विद्यार्थियों ने उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला का जताया आभार
गुना।दयालवाणी
मध्यप्रदेश के नर्सिंग महाविद्यालयों में संचालित नर्सिंग पाठ्यक्रमों के परीक्षा परिणाम मध्यप्रदेश मेडिकल साइंस यूनिवर्सिटी, जबलपुर द्वारा घोषित कर दिए गए हैं। परीक्षा परिणाम सामने आते ही प्रदेशभर के नर्सिंग विद्यार्थियों और कॉलेज संचालकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
परिणाम जारी होने के बाद भोपाल में डॉ. प्रदीप कुमार सेन (अशासकीय महाविद्यालय संघ, गुना-शिवपुरी-अशोकनगर) तथा डॉ. प्रणीत जैन (अध्यक्ष, प्राइवेट नर्सिंग कॉलेज एसोसिएशन) की अगुवाई में विभिन्न नर्सिंग महाविद्यालयों के संचालकों और विद्यार्थियों ने उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला से भेंट कर उनका धन्यवाद ज्ञापित किया और आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपस्थित कॉलेज संचालकों और विद्यार्थियों ने कहा कि लंबे समय से परीक्षा परिणाम की प्रतीक्षा कर रहे विद्यार्थियों को इस घोषणा से बहुत बड़ी राहत मिली है। परिणाम आने से अब विद्यार्थियों के लिए उच्च और नए नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के द्वार खुल गए हैं, जिससे वे अपनी आगामी शैक्षणिक और व्यावसायिक यात्रा को बिना किसी बाधा के आगे बढ़ा सकेंगे।