पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेसियों ने दी श्रद्धांजलि
इंदिरा पार्क में आयोजित सभा में सरदार वल्लभभाई पटेल को भी किया याद, देश के प्रति दोनों नेताओं के योगदान को किया नमन
गुना।दयालवाणी
देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर शनिवार को गुना शहर के सोनी कॉलोनी स्थित इंदिरा पार्क में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष रजनीश शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पार्क पहुँचे और देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने इंदिरा गांधी के राजनीतिक जीवन और उनके द्वारा देशहित में लिए गए कड़े व ऐतिहासिक निर्णयों को याद किया गया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष रजनीश शर्मा ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखंडता के लिए हमेशा मजबूत फैसले लिए, और आज उनका पूरा परिवार उनकी उन्हीं रीती और नीतियों को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि आने वाला समय कांग्रेस पार्टी और उनके विचारों का है। एक ही दिन देश के दो महान नेताओं की स्मृतियों का संयोग होने पर इस अवसर पर देश के प्रथम गृहमंत्री स्वर्गीय सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के मौके पर उनका भी स्मरण किया गया। दोनों ही महान विभूतियों के देश के प्रति योगदान को याद करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।