2 अगस्त को गुना में निकलेगी तिरंगा झंडा यात्रा
तैयारियों को लेकर सर्व समाज की बैठक संपन्न
गुना। दयाल वाणी
श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना, गुना द्वारा आगामी 2 अगस्त को आयोजित की जाने वाली "तिरंगा झंडा यात्रा" की तैयारियों को लेकर शनिवार को पुराने आरटीओ कार्यालय परिसर में स्थित पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में सर्व समाज की बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा को सफल, भव्य और अनुशासित ढंग से संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में करणी सेना के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न समाजों के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान यात्रा के मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, जनसहभागिता और अन्य आवश्यक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने सर्वसम्मति से तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
करणी सेना के जिला अध्यक्ष संजीव सिंह तोमर ने कहा कि यह यात्रा देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश देने के उद्देश्य से निकाली जा रही है। उन्होंने जिले के सभी धर्मों, जातियों और समाज के लोगों से परिवार सहित यात्रा में शामिल होने की अपील की।
आयोजकों के अनुसार, तिरंगा झंडा यात्रा 2 अगस्त 2026 (रविवार) को दोपहर 3 बजे यूनिटी पार्क, पीजी कॉलेज रोड, गुना से प्रारंभ होगी। यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों, नारों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में सर्व समाज से आनंद भार्गव, सुनील शर्मा, मोहनीश भार्गव, मनीष भार्गव, अमन राव, हिमांशु धाकड़, कृष्णा कुशवाहा, दिनेश भार्गव, हेमंत भार्गव, अशोक भार्गव, रमेश कुमार भार्गव सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।