भक्ति के नाम पर फूहड़ गानों का शोर, गरबा पंडाल में आधी रात तक ‘डिस्को’
प्रताप छात्रावास में तेज आवाज में बजा डीजे, फिल्मी गानों पर युवाओं ने लगाए ठुमके; रहवासियों ने जताया आक्रोश, पुलिस से की शिकायत
गुना। दयालवाणी
शहर में चल रहे शक्ति के पर्व नवरात्रि के दौरान श्रद्धा, आस्था और पावन माहौल के बीच कई जगह ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जो धार्मिक आयोजनों की मयार्दा को तार-तार कर रही हैं। एक तरफ जहां गरबा के नाम पर पारंपरिक संस्कृति को ताक पर रखकर फिल्मी और फूहड़ गानों पर डिस्को जैसी हरकतें हो रही हैं, वहीं दूसरी तरफ मंदिरों के पवित्र मार्गों पर आस्था से खिलवाड़ करने वाले लोग अब पश्चाताप करने को मजबूर हैं।
दरअसल, बीती रात शहर के प्रताप छात्रावास प्रांगण में आयोजित गरबा महोत्सव 0.3 का एक ऐसा ही रूप गुरुवार रात देखने को मिला। नवरात्रि जैसे पवित्र पर्व पर जहां मां दुर्गा की आराधना होनी चाहिए थी, वहाँ पंडाल में पारंपरिक गरबा गीतों के बजाय रिकॉर्ड तोड़ तेज आवाज में फिल्मी और भोजपुरी गानों का शोर गूंज रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान ...मैं निकला गड्डी लेकर और खलीबली हो गया है दिल... जैसे गानों पर युवाओं ने डिस्को की तर्ज पर जमकर ठुमके लगाए। हद तो तब हो गई जब तेज आवाज में डीजे और डांस का यह सिलसिला रात के 12 बजकर 35 मिनट तक बेखौफ जारी रहा। इस भारी शोरगुल और आधी रात तक चले हुड़दंग से आसपास के रहवासी बुरी तरह परेशान रहे। जबकि जिला प्रशासन ने रात 10 बजे तक डीजे चलाने की अनुमति दे रखी है।
नागरिकों ने पुलिस से शिकायत की, आयोजकों ने झाड़ा पल्ला
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब उन्होंने रात में पुलिस को इसकी शिकायत की, तो संबंधित बीट प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को तो डीजे बंद कराने की झूठी सूचना दे दी, लेकिन धरातल पर डीजे की धड़कनें और ठुमके बदस्तूर जारी रहे। इस ढीले रवैये ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला गरमाने के बाद जब आयोजकों से पक्ष लिया गया, तो पहले उन्होंने सिरे से फिल्मी गाने बजाने से इनकार कर दिया। लेकिन जब उन्हें ठोस सबूत और प्रमाण दिए गए, तो उन्होंने सारा ठीकरा डीजे संचालक के सिर फोड़ते हुए कहा कि उसने अपनी मर्जी से गाने बजा दिए थे, जिसे बाद में बंद करा दिया गया था। सवाल यह उठता है कि क्या आयोजकों की बिना जानकारी के कोई डीजे इतनी रात तक किसी धार्मिक मंच पर चल सकता है?
क्या बोले नागरिक
गरबा जैसे सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों में इस तरह के फूहड़ गाने चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होना चाहिए। नवरात्रि पर्व की गरिमा को यह लोग धूमिल करने और सनातन संस्कृति को ठेस पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
-गोलू रघुवंशी, निवासी दुर्गा कॉलोनी
प्रताप छात्रावास में किया जा रहा आयोजन बेहद फूहड़ था। देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजाने के दौरान नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हमने पुलिस से शिकायत की है। भविष्य में इस तरह की पुर्नावृत्ति नहीं होना चाहिए।
-गिरीश निर्भय, स्थानीय रहवासी