मारपीट कर भागे युवक अवैध शराब के साथ पकड़े गए

एक आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 13 गंभीर मामले

मारपीट कर भागे युवक अवैध शराब के साथ पकड़े गए
अवैध शराब के साथ पुलिस गिरफ्त में आरोपी।

गुना। दयालवाणी

शहर के नजूल कॉलोनी क्षेत्र में रविवार देर शाम एक युवक के साथ मारपीट कर कार से भाग रहे आदतन अपराधियों को कोतवाली पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर धर दबोचा। इस मामले में पुलिस ने नया खुलासा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और अवैध शराब की बरामदगी से जुड़ी अहम जानकारियां साझा की हैं।
सिटी कोतवाली टीआई ने खुलासा किया है कि सोमवार रात लगभग 10 बजे नीतेश राठौर नामक युवक ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया था कि दिलीप राठौर और शुभम सक्सेना नामक आरोपी संदिग्ध परिस्थितियों में गाड़ी में घूम रहे थे और उन्होंने नजूल कॉलोनी में उसके साथ मारपीट की थी। घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों का लगभग 2 घंटे तक पीछा किया और आखिरकार हड्डीमिल क्षेत्र स्थित पीएम आवास कॉलोनी के पास उनकी कार को घेरकर पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की कार की जब पुलिस ने तलाशी ली, तो उसमें से एक पेटी अंग्रेजी और सात पेटी देसी शराब बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में यह सामने आया है कि आरोपी इस अवैध शराब को बजरंगगढ़ क्षेत्र में खपाने और बेचने का काम करते थे। फिलहाल पुलिस इनसे यह पता लगाने में जुटी है कि यह अवैध शराब कहां से लाई जा रही थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई है कि पकड़े गए आरोपियों में से एक मुख्य आरोपी दिलीप राठौर एक शातिर माफिया है, जिसके खिलाफ पहले से ही विभिन्न थानों में 13 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।