नवरात्रि में बिजली कटौती रोकने की मांग, सुरक्षा के लिए गुहार
बिजली कंपनी के ऑपरेटरों ने शाम 5 बजे बाद लोड शेडिंग बंद करने, सब-स्टेशनों पर सीसीटीवी लगाने और अभद्रता करने वालों पर सख्त कार्रवाई की उठाई मांग
गुना। दयालवाणी
जिले में नवरात्रि पर्व के दौरान बिजली आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने और मैदानी इलाकों में कार्य कर रहे आॅपरेटरों व कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर मांग तेज हो गई है। बिजली कंपनी के आॅपरेटरों ने महाप्रबंधक से आग्रह किया है कि त्योहार के इस पावन समय में ग्रामीण और कृषि फीडरों पर लोड शेडिंग (बिजली कटौती) की प्रक्रिया को फिलहाल रोका जाए।
आॅपरेटरों ने स्पष्ट किया कि वे अपनी इच्छा से लाइट बंद नहीं करते हैं, बल्कि ऊपर से मिलने वाले निदेर्शों के आधार पर ही फीडर संचालित किए जाते हैं। उन्होंने मांग की है कि नवरात्रि पर्व के दौरान शाम 5 बजे के बाद भोपाल स्तर से समन्वय स्थापित कर ग्रामीण व कृषि क्षेत्रों में लोड शेडिंग पूरी तरह बंद की जाए, ताकि धार्मिक आयोजनों और आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अलावा, कर्मचारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही अभद्रता और मारपीट की घटनाओं पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने मांग की है कि संवेदनशील स्थानों और सब-स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके। साथ ही, ड्यूटी के दौरान आॅपरेटरों के साथ गाली-गलौच या अभद्रता करने वालों के खिलाफ तुरंत और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, जिससे कर्मचारी बिना किसी भय के अपनी सेवाएं दे सकें।